Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। छात्र संघ चुनाव के दृष्टिगत एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के श्रीनगर परिसर और पौड़ी कॉलेज में नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण निष्पक्ष और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए पौड़ी पुलिस ने दोनों परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। दोनों परिसरों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रवेश और निकास द्वारों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है और पुलिस कर्मियों द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। नामांकन प्रक्रिया के दौरान छात्र-छात्राओं और चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों की आवाजाही पर भी पुलिस टीमें सतर्क दृष्टि रख रही हैं। छात्र संघ चुनाव को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल की भी तैनाती की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखने के लिए पुलिस टीमें पूरी मुस्तैदी और सजगता के साथ ड्यूटी पर तैनात हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चुनाव की आड़ में किसी भी प्रकार का हुड़दंग अराजकता मारपीट अभद्रता जबरन भीड़ एकत्र करने शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित करने अथवा किसी अन्य प्रकार की अव्यवस्था पैदा करने का प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसी गतिविधि करने वालों के विरुद्ध तत्काल कठोर कार्रवाई की जाएगी। कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति के प्रति पुलिस द्वारा नरमी नहीं बरती जाएगी। पौड़ी पुलिस ने सभी छात्र-छात्राओं और छात्र प्रत्याशियों से अपील की है कि नामांकन प्रक्रिया के दौरान शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक माहौल बनाए रखें तथा चुनाव प्रक्रिया की गरिमा और अनुशासन का पालन करें। पुलिस ने सभी से अफवाहों और विवादों से बचने के साथ ही ऐसी नारेबाजी या किसी अन्य गतिविधि से दूर रहने को कहा है, जिससे परिसर की शांति और कानून-व्यवस्था प्रभावित हो। सभी प्रत्याशी और उनके समर्थक निर्धारित नियमों का पालन करते हुए पुलिस का सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *