Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। पोखरी क्षेत्र में रात के समय अकेली भटकती मिली 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला के लिए चमोली पुलिस सहारा बनी। ग्राम सिमखोली में देर रात बुजुर्ग महिला को अकेले घूमते देखकर ग्रामवासियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पोखरी पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित थाना पोखरी लेकर आई। घटना 1 सितंबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे की है। अनजान स्थान पर बुजुर्ग महिला को इस तरह अकेले भटकता देखकर ग्रामीणों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी थी। पुलिस कर्मियों ने बिना देर किए मौके पर पहुंचकर महिला को सुरक्षित थाने लाया। रात के समय अकेली और असहाय स्थिति में मिली बुजुर्ग महिला की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने उन्हें थाने में महिला पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में सुरक्षित रखा। पुलिस कर्मियों ने उनकी कुशलक्षेम पूछी उन्हें भोजन कराया और पूरी रात उनकी देखभाल की ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी या असुरक्षा का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही पुलिस ने बुजुर्ग महिला के परिजनों की तलाश शुरू की और उनसे संपर्क कर महिला के सकुशल थाना पोखरी में होने की जानकारी दी। 2 सितंबर 2026 को महिला के परिजनों को थाने बुलाया गया जहां बुजुर्ग महिला को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बुजुर्ग परिजन को सुरक्षित देखकर परिजनों के चेहरे पर राहत और खुशी साफ दिखाई दी। उन्होंने चमोली पुलिस की तत्परता संवेदनशीलता और मानवीय व्यवहार के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। पुलिस की इस पहल ने न केवल बुजुर्ग महिला को सुरक्षित उनके परिवार तक पहुंचाया बल्कि मानवीय संवेदनशीलता और सेवा भावना की मिसाल भी पेश की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *