प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। ग्राम्य विकास विभाग के परियोजना निदेशक एवं आईएएस प्रशिक्षु ज्योति ने ग्रामोत्थान यानी ग्रामीण उद्यम परियोजना के अंतर्गत विकासखंड जाखणीधार में सहकारिताओं और स्वयं सहायता समूहों द्वारा संचालित विभिन्न सामुदायिक उद्यमों तथा निर्माणाधीन अधोसंरचनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने उद्यमों की प्रगति संचालन और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं सामुदायिक स्तर के संगठनों के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान देवभूमि सामुदायिक संगठन जाखणीधार की फूड कार्ट उन्नति सामुदायिक संगठन रजाखेत की वे-साइड ईटरी तथा देवभूमि सामुदायिक संगठन जाखणीधार की पोल्ट्री फार्म यूनिट का निरीक्षण किया गया। इसके साथ ही संगम सामुदायिक संगठन द्वारा संचालित प्रोसेसिंग यूनिट एवं फूड कार्ट का भी जायजा लिया गया। गोट्री यूनिट के लिए चयनित भूमि का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। परियोजना निदेशक ने कलेक्शन सेंटर के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। कलेक्शन सेंटर के निर्माण कार्य की अंतिम समयसीमा 25 सितंबर निर्धारित की गई है। वहीं उन्नति सामुदायिक संगठन के कलेक्शन सेंटर का कार्य शीघ्र शुरू कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। इसी क्रम में क्षेत्रपाल सामुदायिक संगठन मंदार के एग्री इनपुट सेंटर एवं मशरूम यूनिट का भी निरीक्षण किया गया। फूड कार्ट का संचालन बरसात के दौरान सुचारू बनाए रखने के लिए टेंट की व्यवस्था करने तथा उत्पादों को बेहतर ढंग से प्रदर्शित करने के लिए डिस्प्ले बोर्ड लगवाने के निर्देश दिए गए। प्रोसेसिंग यूनिट के निरीक्षण के दौरान संबंधित सदस्यों को आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। परियोजना निदेशक ने सामुदायिक उद्यमों में उत्पादों की गुणवत्ता बेहतर प्रबंधन प्रभावी संचालन एवं विपणन पर विशेष ध्यान देने को कहा ताकि इन उद्यमों को और अधिक सुदृढ़ एवं लाभकारी बनाया जा सके। उन्होंने परियोजना के कार्मिकों एवं सामुदायिक संगठन के कर्मचारियों द्वारा विषम भौगोलिक परिस्थितियों में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने क्षेत्र में आजीविका संवर्धन एवं समुदाय आधारित उद्यमों को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कार्यों को निरंतर बेहतर बनाने के लिए प्रोत्साहित किया। निरीक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी रोशन लाल जिला परियोजना प्रबंधक ग्रामोत्थान परियोजना ब्रह्मकांत भट्ट, सहायक खंड विकास अधिकारी दिग्विजय एम एंड ई बॉबी भट्ट बीएमएम संजय शर्मा आजीविका समन्वयक राजदीप चौहान रविन्द्र पाल सहायक प्रसार कृषि एवं पशुपालन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी संबंधित सामुदायिक संगठन के कर्मचारी तथा स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं उपस्थित रहीं।
