प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। वित्तीय प्रबंधन को सुदृढ़ पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से महालेखाकार लेखा एवं हकदारी उत्तराखंड मोहम्मद परवेज़ आलम की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार हरिद्वार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जनपद आगमन पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने पुष्पगुच्छ भेंटकर महालेखाकार का स्वागत किया। इसके बाद महालेखाकार ने हरिद्वार कोषागार से संबंधित वित्तीय व्यवस्थाओं और अभिलेखों का निरीक्षण किया। बैठक में महालेखाकार ने मुख्य कोषाधिकारी को निर्देश दिए कि शासन की ओर से उपलब्ध कराए गए बजट का उपयोग केवल स्वीकृत मद और संबंधित लेखा शीर्षक के अनुरूप जनकल्याणकारी योजनाओं में ही किया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं से संबंधित प्रत्येक भुगतान पूरी पारदर्शिता वित्तीय नियमों और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के सफल क्रियान्वयन और वित्तीय भुगतान के लिए यदि किसी विभाग को बैंक खाता खोलने की आवश्यकता होती है तो वित्त विभाग की गाइडलाइन के अनुसार ही बचत खाता खोला जाए। सभी वित्तीय लेन-देन निर्धारित नियमों के अनुरूप किए जाने चाहिए। महालेखाकार ने बताया कि बैठक का उद्देश्य सरकारी वित्तीय प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बढ़ाना लेखा मिलान की प्रक्रिया को मजबूत करना तथा लेखांकन कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना है। उन्होंने वित्तीय अनुशासन और जवाबदेही बनाए रखने पर भी जोर दिया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने महालेखाकार को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा दिए गए सभी दिशा-निर्देशों और सुझावों का संबंधित अधिकारियों द्वारा शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे जनपद में वित्तीय प्रबंधन को और अधिक प्रभावी पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने में मदद मिलेगी। बैठक में वरिष्ठ कोषाधिकारी अजय कुमार ने महालेखाकार को कोषागार से संबंधित विभिन्न वित्तीय मामलों के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराई। इसके साथ ही महालेखाकार लेखा एवं हकदारी उत्तराखंड देहरादून की निरीक्षण टीम ने कोषागार हरिद्वार के अप्रैल 2025 से मार्च 2026 तक के अभिलेखों का निरीक्षण किया। इस दौरान नगर आयुक्त नगर निगम हरिद्वार नंदन कुमार मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र निरीक्षण अधिकारी अविनाश रंजन वरिष्ठ लेखाकार बृजेश कुमार सहायक लेखा अधिकारी डॉ.दिनेश शर्मा लेखाकार नितेश चौहान सहित महालेखाकार के अधिकारी और जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
