प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर और पौड़ी हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय श्रीनगर तथा बीजीआर परिसर पौड़ी में नामांकन प्रक्रिया के दौरान पुलिस बल को अलर्ट मोड पर रखा गया है। चुनावी गतिविधियों को देखते हुए पुलिस द्वारा दोनों कॉलेज परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है। नामांकन प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो इसके लिए पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित की गई है। पुलिस कर्मियों द्वारा कॉलेज परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में लगातार सतर्कता बरती जा रही है तथा चुनावी गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। पुलिस के साथ ही स्थानीय अभिसूचना इकाई भी संपूर्ण चुनावी प्रक्रिया के दृष्टिगत लगातार निगरानी कर रही है। सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े सभी पहलुओं पर नजर रखते हुए आवश्यक सूचनाएं जुटाई जा रही हैं ताकि नामांकन और आगामी चुनावी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जा सके। पुलिस का उद्देश्य लोकतांत्रिक प्रक्रिया को शांतिपूर्ण निष्पक्ष और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना है। इसके लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ लगातार सतर्क निगरानी की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चुनाव की आड़ में शांति भंग करने अराजकता फैलाने अथवा कानून व्यवस्था को प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कॉलेज परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की निगरानी आगे भी लगातार जारी रहेगी।
