प्रदीप कुमार
मुनिकीरेती-टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी राफ्टिंग सीजन को लेकर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जिलाधिकारी ट्रांजिट कैंप कार्यालय मुनिकीरेती में गंगा नदी राफ्टिंग प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राफ्टिंग संचालन से जुड़े नियमों एवं विनियमों पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा तथा राफ्टिंग स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि राफ्टिंग के पुट-इन और पुल-आउट प्वाइंट्स पर पर्यटकों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से दुरुस्त की जाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को राफ्टिंग स्थलों तक पहुंचने वाले संपर्क मार्गों सड़कों और क्षतिग्रस्त पैदल मार्गों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही राफ्टिंग स्थलों पर पेयजल शौचालय कपड़े बदलने के कक्ष पार्किंग और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने को कहा गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि राफ्टिंग सीजन शुरू होने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं जिससे देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। बैठक में राफ्टिंग संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं में तकनीक के बेहतर इस्तेमाल पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि पर्यटकों की सुविधा और व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए वर्तमान पर्ची व्यवस्था को समाप्त कर ऑनलाइन व्यवस्था लागू करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाए। इससे पर्यटकों को सुविधा मिलने के साथ ही पूरी प्रक्रिया अधिक सरल और पारदर्शी बनाई जा सकेगी। गंगा नदी राफ्टिंग प्रबंधन समिति की बैठक में राफ्टिंग फर्मों के संचालन और उनके नवीनीकरण से संबंधित विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की गई। समिति के सदस्यों और राफ्टिंग संचालकों ने राफ्टिंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अपने सुझाव और विचार रखे। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों और राफ्टिंग व्यवसाय से जुड़े प्रतिनिधियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी राफ्टिंग सीजन को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियां समय से पूरी की जाएं ताकि पर्यटकों को सुरक्षित सुविधाजनक और बेहतर अनुभव उपलब्ध कराया जा सके। बैठक में डीएफओ नरेंद्रनगर दिगंत नायक उप जिलाधिकारी नरेंद्रनगर आशीष घिल्डियाल पर्यटन विकास अधिकारी सोवत सिंह राणा राफ्टिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह नेगी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी कर्मचारी और राफ्टिंग एसोसिएशन के सदस्य उपस्थित रहे।
