Spread the love

प्रदीप कुमार
घनसाली-टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल।अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने बुधवार को तहसील घनसाली का निरीक्षण कर विभिन्न न्यायालयों में लंबित वादों कार्यालय व्यवस्थाओं और आपदा प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लंबित वादों का समयबद्ध तरीके से निस्तारण करने तथा पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी न्यायालय में लंबित वादों की स्थिति की समीक्षा की गई। न्यायालय में पांच वाद दर्ज पाए गए जिनमें तीन वाद गतिमान हैं। इसके अलावा दो वाद विचाराधीन तथा 41 वाद अवशेष पाए गए। सात अन्य वाद भी लंबित मिले। एडीएम ने सभी लंबित वादों में तेजी से कार्रवाई करते हुए निर्धारित समयसीमा में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। तहसीलदार न्यायालय की समीक्षा के दौरान सामने आया कि चालू वर्ष में कुल 100 वाद दर्ज हुए हैं। इनमें से 93 वादों का निस्तारण किया जा चुका है जबकि सात वाद अभी अवशेष हैं। एडीएम ने शेष वादों के भी शीघ्र निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। अपर जिलाधिकारी ने तहसील क्षेत्र में आपदा प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की स्थिति की भी जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि पूर्व वर्षों में आई आपदाओं से प्रभावित अधिकांश परिवारों का पुनर्वास एवं विस्थापन किया जा चुका है। शेष परिवारों के विस्थापन की प्रक्रिया को भी तेजी से पूरा करने के निर्देश एडीएम ने दिए। इसके बाद अपर जिलाधिकारी ने सब-रजिस्ट्रार कार्यालय का भी निरीक्षण किया। यहां चालू वर्ष में कुल 376 प्रकरण दर्ज होने की जानकारी दी गई जिनका शत-प्रतिशत निस्तारण किया जा चुका है। निरीक्षण के दौरान एडीएम ने कार्यालय व्यवस्थाओं और न्यायालयों में लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करते हुए मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही आपदा प्रभावित परिवारों के पुनर्वास से जुड़े शेष कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *