Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार में नागरिकों को आधार से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए अत्याधुनिक आधार सेवा केंद्र की शुरुआत हो गई है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण की ओर से शुरू किए गए इस आधार सेवा केंद्र का गुरुवार को कैबिनेट मंत्री एवं हरिद्वार विधायक मदन कौशिक ने फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं अपना आधार अपडेट कराकर नागरिकों को यह संदेश दिया कि अब आधार से जुड़ी महत्वपूर्ण सेवाओं के लिए हरिद्वार के लोगों को देहरादून जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने जनपदवासियों से अपील की कि 5 से 17 वर्ष की आयु के बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट समय पर अवश्य कराया जाए। उन्होंने कहा कि यह अपडेट स्कूल में प्रवेश छात्रवृत्ति प्रतियोगी परीक्षाओं और अन्य सरकारी सेवाओं के लिए बेहद आवश्यक है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण की ओर से 30 सितंबर 2026 तक यह सुविधा पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। मंत्री ने कहा कि हरिद्वार में आधार सेवा केंद्र की शुरुआत डिजिटल उत्तराखंड और सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे आम नागरिकों को बेहतर सरल और समयबद्ध आधार सेवाएं अपने ही जिले में उपलब्ध हो सकेंगी। अब आधार नामांकन मोबाइल नंबर फोटो अपडेट पता परिवर्तन जनसांख्यिकीय एवं बायोमेट्रिक अपडेट त्रुटि सुधार और शिकायत निवारण सहित सभी प्रमुख आधार सेवाओं के लिए नागरिकों को देहरादून जाने की आवश्यकता नहीं होगी। इससे हरिद्वार रुड़की लक्सर भगवानपुर और आसपास के क्षेत्रों के लाखों लोगों को समय और धन दोनों की बचत होगी। निदेशक कुमार उज्ज्वल ने बताया कि आधार सेवा केंद्र सीधे भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण की ओर से संचालित किए जाते हैं। केंद्रों को पूरी तरह समावेशी और निवासी अनुकूल बनाया गया है। यहां व्हीलचेयर की सुगम सुविधा सुगम्य शौचालय और समर्पित शिकायत निवारण तंत्र जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। केंद्र को आठ आधुनिक संचालन किटों से भी सुसज्जित किया गया है जिससे नागरिकों को तेज पारदर्शी और सुविधाजनक सेवाएं मिल सकेंगी। सार्वजनिक अवकाश को छोड़कर यह केंद्र सप्ताह के सभी दिनों में संचालित रहेगा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक आधार सेवा केंद्र का प्रबंधन एक आधार सेवा केंद्र प्रबंधक द्वारा किया जाता है। प्रबंधक निवासियों की शिकायतें प्राप्त करने के साथ ही उनके समयबद्ध समाधान की सुविधा उपलब्ध कराता है। निवासी आधार सेवा केंद्र में सेवाओं के लिए ऑनलाइन अपॉइंटमेंट भी बुक कर सकते हैं। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता सुशील त्यागी पार्षद सत्येंद्र चौधरी उप महानिदेशक अविनाश अग्रवाल भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण के एसीटेट मैनेजर नीतीश सैनी ब्रांच मैनेजर गौरव राणा सागर सिंह चौहान सुभाष शर्मा नागेन्द्र सिंह सत्यपाल चौहान भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण के क्षेत्रीय कार्यालय दिल्ली के प्रतिनिधि मीडिया प्रतिनिधि आधार सेवा केंद्र के कर्मचारी तथा सेवा प्रदाता कंपनी मेसर्स बीएलएस इंटरनेशनल के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *