Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल में जनता एवं जनप्रतिनिधियों से प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध गुणवत्तापूर्ण और अनिवार्य निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि विभिन्न माध्यमों से जिला कार्यालय को प्राप्त होने वाली शिकायतों को नियमित रूप से संबंधित विभागों को भेजा जाता है। ऐसे मामलों में निर्धारित समयसीमा के भीतर निस्तारण आख्या उपलब्ध न कराने और शिकायतकर्ताओं को की गई कार्रवाई से अवगत न कराने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित से संबंधित प्रत्येक शिकायत का अधिकतम सात दिवस के भीतर अनिवार्य रूप से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। प्रत्येक प्रकरण में तथ्यों अभिलेखीय साक्ष्यों और की गई कार्रवाई का स्पष्ट उल्लेख करते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर निस्तारण आख्या जिला कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए। साथ ही संबंधित शिकायतकर्ता को भी नियमानुसार की गई कार्रवाई और शिकायत के निस्तारण से अवगत कराया जाए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिला कार्यालय से प्राप्त शिकायतों की सूची का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण करते हुए प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। संबंधित विभाग शिकायतकर्ता को बार-बार पत्राचार करने के लिए विवश न करें और प्राप्त शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनशिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुशासन और जनविश्वास की महत्वपूर्ण कड़ी है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी निर्धारित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *