Spread the love

प्रदीप कुमार
श्यामपुर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार में साइबर अपराध और ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में कोतवाली श्यामपुर पुलिस और सीआईयू हरिद्वार की विशेष टीम ने डिजिटल साक्ष्यों और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर ‘मगध साइबर गैंग’ के ऋषिकेश स्थित नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी गैंग को फर्जी बैंक खाते उपलब्ध कराता था और इसके बदले मोटा कमीशन लेता था। कोतवाली श्यामपुर में दर्ज मामले में वांछित चल रहे आरोपी सागर पाण्डेय की तलाश के लिए उप निरीक्षक देवेंद्र सिंह तोमर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई थी। सीआईयू हरिद्वार ने आरोपी के डिजिटल फुटप्रिंट के आधार पर उसकी लोकेशन चंद्रेश्वर रोड मायाकुंड ऋषिकेश में ट्रेस की। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और काले रंग की स्कूटी पर सवार सागर पाण्डेय को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि मूल रूप से ग्राम सिकंदपुर जिला बलिया उत्तर प्रदेश निवासी सागर पाण्डेय ऋषिकेश में रहकर ‘मगध साइबर गैंग’ के पूर्व में गिरफ्तार मुख्य सरगना कृष्णा पाण्डेय के सीधे संपर्क में था। आरोपी स्थानीय स्तर पर लोगों को पैसों का लालच देकर उनके नाम से बैंक खाते खुलवाता था। इसके बाद इन खातों को साइबर ठगी की रकम मंगाने के लिए गैंग को उपलब्ध कराया जाता था। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने विशाल और श्याम नाम के व्यक्तियों के कुल 18 बैंक खाते गैंग को उपलब्ध कराए थे। इसके बदले उसे मोटा कमीशन मिलता था। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अपने साथियों की गिरफ्तारी की जानकारी मिलने के बाद सबूत मिटाने का प्रयास भी किया था। उसे जब पता चला कि उसके पांच साथी पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं तो उसने अपने मोबाइल फोन से सभी व्हाट्सएप चैट कॉल रिकॉर्ड और साथियों के मोबाइल नंबर डिलीट कर दिए थे ताकि पुलिस उस तक न पहुंच सके। हालांकि तकनीकी और डिजिटल जांच के दौरान पुलिस टीम ने उसके मोबाइल की गैलरी से विशाल के नाम दर्ज एक बैंक खाते की फोटो बरामद कर ली जिसे महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य के रूप में सुरक्षित किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सागर पाण्डेय पुत्र राधेराम पाण्डेय मूल निवासी ग्राम सिकंदपुर थाना सिकन्दरपुर जिला बलिया उत्तर प्रदेश और हाल निवासी मायाकुंड ऋषिकेश थाना कोतवाली ऋषिकेश जनपद देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से रियलमी कंपनी का एक मोबाइल फोन तथा बैंक खातों और चैट से संबंधित बरामद डिजिटल दस्तावेज बरामद किए हैं। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष नितेश शर्मा चौकी प्रभारी चंडी घाट देवेंद्र सिंह तोमर कांस्टेबल विनित कुमार कांस्टेबल राहुल देव और सीआईयू हरिद्वार के कांस्टेबल वसीम शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *