Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। केदारनाथ धाम की यात्रा पर उत्तराखंड आए कच्छ गुजरात निवासी नितिन गिरी का यात्रा के दौरान खोया मोबाइल फोन चमोली पुलिस ने तकनीकी माध्यमों की मदद से ढूंढ निकाला। मोबाइल बरामद करने के बाद पुलिस ने उसे स्पीड पोस्ट के माध्यम से नितिन गिरी के गुजरात स्थित घर तक सुरक्षित पहुंचाया। जानकारी के अनुसार कच्छ गुजरात निवासी नितिन गिरी कुछ दिन पूर्व केदारनाथ धाम की यात्रा के लिए उत्तराखंड आए थे। यात्रा के दौरान उनका मोबाइल फोन कहीं खो गया। काफी तलाश करने के बाद भी मोबाइल नहीं मिलने पर उन्होंने इसकी शिकायत रुद्रप्रयाग पुलिस और चमोली पुलिस से की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए चमोली पुलिस के सर्विलांस सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सतेन्द्र बुटोला और कांस्टेबल रजत शर्मा ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। टीम ने तकनीकी माध्यमों का प्रभावी इस्तेमाल करते हुए केंद्रीय उपकरण पहचान रजिस्टर यानी सीईआईआर पोर्टल के जरिए लगातार प्रयास किए। इसके बाद पुलिस टीम खोए हुए मोबाइल फोन को बरामद करने में सफल रही। मोबाइल बरामद होने के बाद चमोली पुलिस ने नितिन गिरी को दोबारा मोबाइल लेने के लिए पहाड़ों तक आने की परेशानी से बचाने के लिए उसे स्पीड पोस्ट के माध्यम से उनके गुजरात स्थित पते पर सुरक्षित भेज दिया। मोबाइल उनके घर पहुंचने पर नितिन गिरी की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने चमोली पुलिस की त्वरित कार्रवाई तकनीकी दक्षता और संवेदनशीलता के लिए पुलिस का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। चमोली पुलिस का यह प्रयास यह भी दर्शाता है कि किसी व्यक्ति के लिए मोबाइल केवल एक उपकरण नहीं बल्कि उसमें उसकी यादें संपर्क जरूरी दस्तावेज और निजी जानकारियां भी जुड़ी होती हैं। दूर प्रदेश से यात्रा पर आए श्रद्धालु की परेशानी को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए पुलिस ने तकनीकी संसाधनों का इस्तेमाल कर उसका समाधान किया और मोबाइल को सुरक्षित उसके घर तक पहुंचाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *