Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्य शिक्षा अधिकारी अजय कुमार चौधरी ने जिले के समस्त खंड एवं उप शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि 15 सितंबर तक विद्यालयों में चल रहे स्वच्छता पखवाड़े को गंभीरता से आयोजित किया जाए। उन्होंने सभी अधीनस्थ अधिकारियों से ब्लॉकवार रिपोर्ट भी मांगी है। मुख्य शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जिले के सभी विद्यालयों में एक सितंबर से 15 सितंबर 2026 तक स्वच्छता पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य विद्यालयों की स्वच्छता व्यक्तिगत स्वास्थ्य स्वच्छ पेयजल एवं स्वच्छ शौचालय कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संवर्धन के प्रति छात्र-छात्राओं में जागरूकता पैदा करना तथा स्वच्छता को दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाना है। उन्होंने सभी विद्यालयों में स्वच्छता आधारित गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विद्यालय स्तर पर बच्चों को स्वच्छता की शपथ दिलाने और स्वच्छता के महत्व की जानकारी देने को कहा है।
*पीएम पोषण योजना में स्वच्छता पर विशेष जोर*
मुख्य शिक्षा अधिकारी ने पीएम पोषण योजना के तहत सभी संस्थाध्यक्षों को किचन के बाहरी एवं भीतरी परिसर की नियमित सफाई सुनिश्चित करने खाद्य सामग्री को व्यवस्थित ढंग से रखने भोजन तैयार करने के लिए स्वच्छ पेयजल का प्रयोग करने और पके हुए भोजन का वितरण स्वच्छ स्थान पर कराने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही छात्र-छात्राओं में भोजन से पहले और भोजन के बाद साबुन से हाथ धोने की आदत विकसित करने नाखून एवं दांतों की नियमित सफाई तथा व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति बच्चों को जागरूक करने को कहा गया है।
*किचन गार्डन और विशेष भोज का आयोजन*
मुख्य शिक्षा अधिकारी ने विद्यालयों में किचन गार्डन की स्थापना और उसके रखरखाव पर जोर देते हुए स्थानीय सब्जियां उगाकर उन्हें पीएम पोषण योजना में सम्मिलित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि 15 सितंबर तक चलने वाले स्वच्छता पखवाड़े के दौरान विद्यालयों में स्वैच्छिक रूप से विशेष भोज का आयोजन भी किया जाए। इसके लिए स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों और विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों का सहयोग लिया जा सकता है। मुख्य शिक्षा अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्वच्छता पखवाड़े की गतिविधियों को गंभीरता से संचालित करने और ब्लॉकवार रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *