प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और आम जनमानस की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध जनपदभर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन एवं पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग के निकट पर्यवेक्षण में संचालित किया जा रहा है। जनपद के सभी कोतवाली प्रभारियों एवं यातायात पुलिस द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में सघन चेकिंग की जा रही है। अभियान के दौरान विशेष रूप से शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों की एल्कोमीटर से जांच की जा रही है। इसके साथ ही तेज एवं लापरवाही से वाहन चलाने वाले चालकों और सड़क पर स्टंट करने वालों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है। पुलिस द्वारा ओवरस्पीडिंग ओवरलोडिंग बिना हेलमेट बिना सीट बेल्ट तथा अन्य यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के अनुसार विधिक एवं दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने कहा कि नशे की हालत में वाहन चलाना न केवल चालक के अपने जीवन के लिए घातक है बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य निर्दोष राहगीरों और यात्रियों की जान को भी गंभीर जोखिम में डालता है। ऐसे लापरवाह वाहन चालकों के विरुद्ध रुद्रप्रयाग पुलिस कड़ा रुख अपनाते हुए लगातार प्रभावी वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
पुलिस की आमजन से अपील
रुद्रप्रयाग पुलिस ने समस्त वाहन चालकों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि शराब या किसी भी प्रकार के मादक पदार्थ का सेवन करने के बाद वाहन कतई न चलाएं। निर्धारित गति सीमा एवं यातायात संकेतों का सदैव पालन करें। अपनी सुरक्षा के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य नागरिकों और सहयात्रियों की सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखें। पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित रहें।
