Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर जनपद में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान कोतवाली नगर हरिद्वार पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को दो पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी अपने भाई के हत्यारों की तलाश में था और बदला लेने के इरादे से हथियार लेकर घूम रहा था। पुलिस की सतर्कता से गैंगवार की बड़ी वारदात टल गई। पुलिस के अनुसार 6 सितंबर 2026 को कोतवाली नगर पुलिस गश्त पर थी। इसी दौरान चित्रकूट घाट के पास एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया जो पुलिस को देखकर सकपका रहा था। पुलिस टीम ने उसे घेरकर पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उसके कंधे पर टंगे पीठू बैग की तलाशी ली गई तो उसमें 32 बोर की दो पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस बरामद हुए। पिस्टल और कारतूस रखने के संबंध में पुलिस ने जब उससे लाइसेंस और वैध कारण पूछा तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि वर्ष 2010 में उसके भाई की हत्या कर दी गई थी। तभी से वह अपने भाई के हत्यारे को ठिकाने लगाने के लिए मौके की तलाश में था। पुलिस के मुताबिक आरोपी अप्रैल 2026 में गैंगवार के चलते हरिद्वार में एक आश्रम को लीज पर लेकर उसे होटल के रूप में संचालित कर रहा था। इसी दौरान उसे जानकारी मिली कि उसके भाई की हत्या में शामिल लोग जेल से बाहर आ चुके हैं और हरिद्वार आने वाले हैं। इसी के चलते उसने हथियार और कारतूस की व्यवस्था की थी। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया। आरोपी की पहचान मनोज कुमार पुत्र महावीर सिंह निवासी ग्राम बुडीना कला थाना तितावी जिला मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश उम्र 45 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से दो 32 बोर पिस्टल दो मैगजीन और 10 जिंदा 32 बोर कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी के पास से बरामद हथियारों के संबंध में जांच की जा रही है और पूरे मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस की सक्रियता को गैंगवार की आशंका को समय रहते रोकने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा वरिष्ठ उपनिरीक्षक गोपाल दत्त भट्ट उपनिरीक्षक खेमेन्द्र गंगवार हेड कांस्टेबल प्रदीप पंवार और हेड कांस्टेबल गुलशन नेगी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *