प्रदीप कुमार
झबरेड़ा-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के नेतृत्व में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए चलाए जा रहे अभियान में झबरेड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई कुल 19 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। दोनों आरोपी उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में सक्रिय होकर वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। पहचान छिपाने के लिए आरोपी बार-बार मास्क कपड़े और हेयर स्टाइल बदलते थे। 17 अगस्त 2026 को आस मोहम्मद निवासी ग्राम बिझोली कोतवाली मंगलौर ने ग्राम लाठदेवा शेख कोतवाली झबरेड़ा से अपनी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी होने की सूचना दी थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने चोरी की घटना का जल्द खुलासा करने के लिए विशेष टीम गठित करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन क्षेत्राधिकारी मंगलौर के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक झबरेड़ा के नेतृत्व में गठित टीम ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और संभावित मार्गों पर लगे करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहनता से विश्लेषण किया। इसके साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए पूर्व में वाहन चोरी की घटनाओं में संलिप्त लोगों का सत्यापन किया गया। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए लगातार अपना मास्क कपड़े और हेयर स्टाइल बदलते थे। इसके कारण उनकी पहचान करना चुनौतीपूर्ण था। इसके बावजूद पुलिस टीम ने तकनीकी और मैनुअल इनपुट के आधार पर लगातार निगरानी जारी रखी। 6 सितंबर 2026 को चेकिंग के दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने फाजिलपुर चौराहे के पास दो आरोपियों को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दबोच लिया। पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई 18 अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं। इस तरह पुलिस ने कुल 19 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बरामद मोटरसाइकिलों में से कई को अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चोरी करना स्वीकार किया। इनमें कोतवाली झबरेड़ा क्षेत्र से दो कोतवाली नगर हरिद्वार से एक कोतवाली रुड़की से एक तथा थाना सदर बाजार सहारनपुर से एक मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया गया है। बरामद अन्य मोटरसाइकिलों के संबंध में संबंधित जनपदों और थाना क्षेत्रों से जानकारी जुटाई जा रही है। संबंधित पुलिस इकाइयों को भी इसकी सूचना भेजी जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरमान पुत्र मुज्जमिल निवासी तेलीवाला कोतवाली गंगनहर हरिद्वार तथा मोनू पुत्र महेंद्र निवासी बरशेर सिकंदरपुर थाना सिरौली जिला बरेली उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। मोनू वर्तमान में सुलेमान के मकान में शक्ति विहार रेलवे स्टेशन के पास कोतवाली गंगनहर हरिद्वार में किराये पर रह रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी अरमान के खिलाफ कोतवाली गंगनहर कोतवाली झबरेड़ा कोतवाली नगर हरिद्वार थाना सदर बाजार सहारनपुर और सिविल लाइंस रुड़की में पूर्व के मामले दर्ज हैं। वहीं आरोपी मोनू के खिलाफ कोतवाली झबरेड़ा कोतवाली नगर हरिद्वार थाना सदर बाजार सहारनपुर और सिविल लाइंस रुड़की में पूर्व के मामले दर्ज बताए गए हैं। दोनों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। बरामद 19 मोटरसाइकिलों में हीरो स्प्लेंडर प्लस स्प्लेंडर प्रो और स्प्लेंडर समेत विभिन्न मोटरसाइकिलें शामिल हैं। इनमें कई मोटरसाइकिलों पर नंबर प्लेट लगी हुई थी जबकि कई बिना नंबर प्लेट के बरामद हुईं। कुछ मोटरसाइकिलों पर अलग-अलग राज्यों के पंजीकरण नंबर मिले हैं। एक मोटरसाइकिल के दोनों टायर नहीं थे और उसका इंजन नंबर पूरी तरह घिसा हुआ था जबकि एक अन्य मोटरसाइकिल का चेसिस और इंजन नंबर अपठनीय पाया गया। पुलिस बरामद मोटरसाइकिलों के वास्तविक स्वामियों और उनके चोरी होने से संबंधित मामलों की जानकारी जुटाने में लगी है। अन्य बरामद वाहनों के संबंध में संबंधित जनपदों एवं थाना क्षेत्रों से भी संपर्क किया जा रहा है जिससे वाहन चोरी के इस नेटवर्क से जुड़ी अन्य घटनाओं का भी पता लगाया जा सके। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह वरिष्ठ उपनिरीक्षक सतेन्द्र भंडारी उपनिरीक्षक नीरज रावत अपर उपनिरीक्षक गिरीश सिंह, हेड कांस्टेबल रामवीर हेड कांस्टेबल गजपाल हेड कांस्टेबल मोहन खोलिया और कांस्टेबल मनीष चौहान शामिल रहे।
