Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित 51 समस्याएं एवं शिकायतें दर्ज की गईं जिनमें से 26 का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित निराकरण के लिए प्रेषित किया गया। जनसुनवाई में राजस्व भूमि विवाद विद्युत अतिक्रमण जलभराव पेयजल राशन कार्ड सहित विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं सामने आईं। शिकायतकर्ता लाहौर सिंह पुत्र गुलाब सिंह ने चक की पैमाइश और चकमार्ग की पैमाइश के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया। ग्राम औरंगाबाद के समस्त ग्रामवासियों ने अत्यधिक वर्षा के कारण किसानों की भूमि ग्राम समाज की भूमि तथा पक्के श्मशान घाट में हुए कटाव वाले क्षेत्रों में पिचिंग कराने की मांग रखी। देवभूमि पूर्व सैनिक कल्याण समिति हरिद्वार ने शहीद स्मारक स्थापित करने और मिलन केंद्र के लिए भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। अरविंद कुमार पुत्र हरिचंद ग्राम लाल वाला खालसा ने विद्युत विभाग द्वारा बिजली का बिल मीटर रीडिंग के अनुसार नहीं दिए जाने की शिकायत की। ज्ञानवती पत्नी लटूर सिंह ग्राम टिकोला बाणगंगा ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में नाम दर्ज कर आवास योजना का लाभ दिलाने का अनुरोध किया। प्रार्थी नज़बन ने बताया कि वह विरासत दर्ज कराने के लिए पिछले सात महीनों से चक्कर काट रही हैं और जल्द से जल्द विरासत दर्ज कराने का अनुरोध किया। रमेश चंद्र चौहान ने ग्राम आन्नेकी हेतमपुर परगना रुड़की में सेक्टर रोड के खसरा नंबर 1834,1839 और 1855 से संबंधित शिकायत रखते हुए बताया कि बड़े काश्तकारों ने सेक्टर रोड और चकरोड को बंद कर उसे अपने खेत में मिला लिया है। उन्होंने मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की। भुवन जोशी ने कांगड़ी में अत्यधिक वर्षा के कारण टीवीसी वाली गली के क्षतिग्रस्त होने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि मार्ग के दोनों ओर नाली न होने के कारण वर्षा का पानी सड़क पर भर रहा है। उन्होंने क्षेत्र में सड़क और नाली निर्माण की मांग रखी। वहीं रसूलपुर-मीठीबेरी लालढांग के ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर मांग पत्र सौंपा। इसमें झूला पुल स्वास्थ्य सुविधाएं विद्युत आपूर्ति सुचारु रखने और पेयजल सहित अन्य समस्याओं के समाधान की मांग की गई। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में जनता की ओर से दर्ज कराई जा रही समस्याओं का त्वरित और समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता नहीं बरती जानी चाहिए। शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन शिकायतों के समाधान के लिए स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है उनमें संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ मौके पर जाकर निरीक्षण करें और समस्या का समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि क्षेत्रवासियों की समस्याओं का शीर्ष प्राथमिकता और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण किया जाए। सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निस्तारण के निर्देश बैठक में सीएम हेल्पलाइन में दर्ज समस्याओं की भी समीक्षा की गई। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने विशेष रूप से 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों का तत्परता से निस्तारण करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि सीएम हेल्पलाइन में एल-1 स्तर पर 436 और एल-2 स्तर पर 112 शिकायतें निस्तारण के लिए लंबित हैं। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इन शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.आरके सिंह जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार पंत जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल डीपीआरओ मुस्तफा खां लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता हरिद्वार योगेश कुमार सहायक निदेशक मत्स्य विभाग गरिमा मिश्रा जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी नलिनी ध्यानी जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी नेहा झा एसडीओ वन विभाग पूनम कैंथोला अधिशासी अभियंता यूपीसीएल दीपक सैनी ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर अभिषेक कुमार सहित जिला स्तरीय अधिकारी और विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *