Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। नगर निगम श्रीनगर की टोल फ्री हेल्पलाइन पर दर्ज होने वाली जनसमस्याओं के समाधान को लेकर महापौर आरती भंडारी ने स्वयं पहल करते हुए लोगों से सीधे फोन पर संवाद किया। उन्होंने हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के संबंध में लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। महापौर आरती भंडारी ने लोगों से फोन पर बातचीत की शुरुआत करते हुए कहा “हेलो मैं आरती भंडारी बोल रही हूं।” महापौर की ओर से सीधे फोन किए जाने पर लोगों ने अपनी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। उन्होंने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों से शिकायत की स्थिति की जानकारी लेने के साथ ही उसके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य जनता को सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। निगम में आने वाली प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि निगम से संबंधित किसी भी समस्या के लिए नगर निगम के टोल फ्री नंबर 9870666323 पर संपर्क करें अथवा निगम कार्यालय में लिखित रूप से शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि जनता की ओर से दर्ज कराई गई समस्याओं का निस्तारण करना नगर निगम का कर्तव्य है। महापौर आरती भंडारी की इस पहल को निगम और आम जनता के बीच सीधे संवाद की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। महापौर के स्वयं लोगों से संपर्क कर समस्याएं सुनने से शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया में तेजी आने के साथ ही लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों के चक्कर लगाने से भी राहत मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *