Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित मोर्चा पौड़ी के तत्वावधान में सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में सामाजिक सौहार्द संकल्प के बैनर तले एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। धरने में भाजपा नेताओं जनप्रतिनिधियों मोर्चा पदाधिकारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पर दलित समाज के नाम पर राजनीतिक स्वार्थ साधने का आरोप लगाते हुए निशाना साधा। धरने को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा दलित समाज को वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करने की राजनीति की है। उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही कांग्रेस को दलित समाज की याद आने लगती है जबकि भाजपा ने बाबा साहब डॉ.भीमराव अंबेडकर के विचारों और उनके सम्मान को आगे बढ़ाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि समाज में सौहार्द और भाईचारा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है और राजनीतिक लाभ के लिए समाज को बांटने की कोशिश स्वीकार नहीं की जाएगी। रुद्रप्रयाग के जिला पंचायत सदस्य एवं मुख्य वक्ता अमित मैखण्डी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस की राजनीति हमेशा दलितों के नाम पर सत्ता हासिल करने तक सीमित रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को बताना चाहिए कि आजादी के बाद लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद दलित समाज के उत्थान के लिए उसने क्या किया। उन्होंने कहा कि “दलितों ने ठाना है कांग्रेस को भगाना है” के संकल्प के साथ समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ना होगा। पौड़ी विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि कांग्रेस की ओर से चुनावी लाभ के लिए समाज में भ्रम और वैमनस्य पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास दलित हितैषी होने के दावों के विपरीत रहा है। बाबा साहब डॉ. अंबेडकर को चुनाव हराने से लेकर दलित समाज से जुड़े विभिन्न मामलों में कांग्रेस की भूमिका पर सवाल उठते रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज भाजपा सरकारें बाबा साहब के विचारों को सम्मान देते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याण की योजनाएं पहुंचाने का काम कर रही हैं। अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष नरेंद्र टम्टा ने कहा कि कांग्रेस को चुनाव आते ही दलित समाज की चिंता होने लगती है। उन्होंने कहा कि भाजपा अनुसूचित मोर्चा सामाजिक समरसता और सौहार्द को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि यदि वह वास्तव में दलित हितैषी है तो उसे अपने इतिहास और पूर्व के कार्यों का जवाब जनता के सामने देना चाहिए। उन्होंने कहा कि “बाबा साहब के अपमान का हिसाब कांग्रेस को देना होगा। धरने के दौरान वक्ताओं ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा हल्द्वानी में रामलीला मंच से दिए गए भाषण के बाद उत्पन्न राजनीतिक विवाद का भी उल्लेख किया। भाजपा नेताओं ने कहा कि हिंदूवादी संगठनों द्वारा किए गए शुद्धिकरण को लेकर कांग्रेस जिस तरह से राजनीतिक मुद्दा बनाने का प्रयास कर रही है वह आगामी चुनाव को देखते हुए की जा रही राजनीति है। उन्होंने कहा कि धार्मिक और सामाजिक विषयों को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करने के बजाय सभी राजनीतिक दलों को सामाजिक सौहार्द और भाईचारे को प्राथमिकता देनी चाहिए। धरने के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ विभिन्न नारे लगाकर आक्रोश व्यक्त किया। इनमें “दलितों के नाम पर राजनीति ही कांग्रेस की नीति” “दलितों का खून बहाने वाली कांग्रेस” “मिर्चपुर में दलितों पर गोली चलवाने वाली कांग्रेस कैसे दलित हितैषी?” “बाबा साहब को चुनाव हराने वाली कांग्रेस” “दलितों ने ठाना है, कांग्रेस को भगाना है” “बाबा साहब के अपमान का हिसाब दे कांग्रेस” और “चुनाव आते ही दलित याद आए कांग्रेस को” जैसे नारे शामिल रहे। वक्ताओं ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलना है। सामाजिक समरसता समानता और सौहार्द के आधार पर मजबूत समाज का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को समाज को बांटने के बजाय सामाजिक एकता को मजबूत करने की दिशा में कार्य करना चाहिए। इस अवसर पर नगर पालिका पौड़ी के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र टम्टा भाजपा जिला मंत्री रमेश मंद्रवाल श्रीनगर नगर निगम अध्यक्ष आरती भंडारी महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रमिला भंडारी पूर्व जिला पंचायत सदस्य कैलाश चंद्र अनुसूचित मोर्चा जिला महामंत्री भक्तिलाल जिला महामंत्री गणेश भट्ट ओबीसी मोर्चा जिला अध्यक्ष जगमोहन नेगी ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी डॉ.रजनी रावत क्रांति किशोर नेगी सीमा भंडारी मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल विमल नेगी शैलेंद्र नौटियाल संतोष चंदोला लक्ष्मण डुकलान मीना गैरोला नगमा तौफीक श्रीनगर नगर निगम पार्षद शुभम प्रभाकर सहित विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष जनप्रतिनिधि सामाजिक कार्यकर्ता और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। धरना-प्रदर्शन के दौरान अनुसूचित मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सामाजिक सौहार्द सामाजिक समरसता तथा दलित समाज के सम्मान की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *