Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पौड़ी पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से हुई दोस्ती के बाद लापता हुई नाबालिग बालिका को नोएडा उत्तर प्रदेश से सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में संलिप्त अभियुक्त सुशील यादव को भी नोएडा से गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के अनुसार 02 सितंबर 2026 को पौड़ी निवासी एक व्यक्ति ने राजस्व पुलिस चौकी पैडल्स्यू में तहरीर देकर बताया कि उसकी नाबालिग पुत्री 01 सितंबर की सुबह विद्यालय जाने के लिए घर से निकली थी लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटी। परिजनों ने अपने स्तर से उसकी काफी खोजबीन की लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया। तहरीर के आधार पर राजस्व पुलिस चौकी पैडल्स्यू में अभियोग पंजीकृत किया गया। मामला राजस्व क्षेत्र से संबंधित होने के कारण उच्चाधिकारियों के निर्देश पर इसकी विवेचना नियमित पुलिस को स्थानांतरित की गई। प्रकरण की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने मामले की गहन जांच करते हुए नाबालिग बालिका की सकुशल बरामदगी घटना के वास्तविक तथ्यों का पता लगाने और संबंधित अभियुक्त के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निर्देशों के क्रम में कोतवाली पौड़ी पुलिस और सीआईयू टीम ने घटनास्थल तथा आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया। विवेचना के दौरान सामने आया कि गुमशुदा नाबालिग बालिका की पहचान सोशल मीडिया मंच के माध्यम से अभियुक्त से हुई थी। पुलिस के अनुसार अभियुक्त बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। प्रकरण के सफल अनावरण के लिए पुलिस टीम ने सर्विलांस पतारसी-सुरागरसी और अन्य तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए लगातार प्रयास किए। पुलिस की सतर्कता त्वरित कार्रवाई और अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप नाबालिग बालिका को नोएडा उत्तर प्रदेश से सकुशल बरामद कर लिया गया। साथ ही मामले में संलिप्त अभियुक्त सुशील यादव को भी नोएडा से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण सुशील यादव उम्र 25 वर्ष निवासी देहलारा थाना मिस्रिक जिला सीतापुर उत्तर प्रदेश। पुलिस टीम महिला उपनिरीक्षक हेमलता अपर उपनिरीक्षक प्रदीप बिष्ट आरक्षी राकेश सीआईयू कोटद्वार और रिक्रूट महिला कांस्टेबल खुशी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *