Spread the love

प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। भारतीय जनता पार्टी महानगर कार्यालय में नवनिर्वाचित जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष मनजीत रावत और उपाध्यक्ष भीम सिंह पुंडीर के स्वागत में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनजीत रावत का पुष्पगुच्छ और भाजपा का पटका पहनाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया। महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने कहा कि मनजीत रावत भारतीय जनता पार्टी के पुराने कार्यकर्ता हैं जिन्होंने समय-समय पर पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों में अपनी भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि भाजपा लगातार अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को समाज में महत्वपूर्ण भूमिका देकर कार्यकर्ताओं का सम्मान करती है। मनजीत रावत का जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष चुना जाना सभी कार्यकर्ताओं के लिए खुशी का अवसर है। उन्होंने अपनी और महानगर के समस्त कार्यकर्ताओं की ओर से मनजीत रावत को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में महानगर के महापौर सौरभ थपलियाल ने भी मनजीत रावत को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मनजीत रावत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पूर्व कार्यकर्ता रहे हैं और उन्होंने विद्यार्थी परिषद में भी लंबे समय तक कार्य किया। आज भारतीय जनता पार्टी में सभी कार्यकर्ता संगठन की विचारधारा के साथ मिलकर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि संगठन ने मनजीत रावत को जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी देकर कार्यकर्ताओं का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को यह विश्वास रखना चाहिए कि पार्टी उन्हें सही समय पर उचित जिम्मेदारी देने का कार्य करती है। उन्होंने मनजीत रावत को अध्यक्ष बनने पर शुभकामनाएं दीं। नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनजीत रावत ने स्वागत के लिए सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने केंद्रीय शीर्ष नेतृत्व और प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि उनके जैसे छोटे कार्यकर्ता को भारतीय जनता पार्टी ने महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है और वह आने वाले समय में इस जिम्मेदारी का समाज हित में पूरी ईमानदारी के साथ निर्वहन करने का प्रयास करेंगे। मनजीत रावत ने जिला सहकारी बैंक की टीम के सदस्यों का भी धन्यवाद किया जिन्होंने उन्हें चुनकर भारतीय जनता पार्टी के प्रति अपना विश्वास जताया। कार्यक्रम में दर्जाधारी राज्य मंत्री ज्योति कोटिया अजीत चौधरी महानगर उपाध्यक्ष ओम कक्कड़ सुरेंद्र राणा विनोद शर्मा राजीव चौहान प्रदीप कुमार मोतीराम अवनीश कोठारी अनुज कौशल राहुल गुप्ता सुमन सिंह पूनम नौटियाल हरेंद्र रावत प्रदीप रावत सहित अन्य कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *