Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। अमृता विश्व विद्यापीठम हरिद्वार कैंपस में माता अमृतानंदमयी मठ की युवा शाखा अयुद्ध के सहयोग से ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही विकसित भारत के निर्माण में उनकी सकारात्मक भूमिका को मजबूत करना रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है। एक स्वस्थ जागरूक और नशा-मुक्त युवा शक्ति ही विकसित भारत की मजबूत नींव रख सकती है। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में हरिद्वार एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स के सब इंस्पेक्टर एलएस बुटोला ने नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य परिवार और करियर तीनों को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने के साथ ही दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की। माई भारत के जिला युवा अधिकारी रोशन कुमार ने ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के उद्देश्यों इसमें युवाओं की भागीदारी और जनजागरूकता की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। वहीं अयुद्ध इंडिया के राष्ट्रीय समन्वयक ब्रह्म. मोक्षामृत चैतन्य ने छात्रों को नशे के खिलाफ जिम्मेदार युवा योद्धा बनने और समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने के लिए प्रेरित किया। अमृता अस्पताल की नशा-मुक्ति विशेषज्ञ डॉ.लक्ष्मी ने युवाओं को नशीले पदार्थों के सेवन से मस्तिष्क मानसिक स्वास्थ्य और भविष्य पर पड़ने वाले गंभीर प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने नशे की लत से बचाव और नशा मुक्ति के उपायों के बारे में भी बताया। अभियान में माता अमृतानंदमयी मठ के स्वयंसेवक आदित्य सिंह कटोच तथा अयुद्ध इंडिया के स्वयंसेवक नितिन शोडवानी ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ नशा-मुक्त और विकसित भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया। युवाओं ने नशे से दूर रहने और समाज को नशा-मुक्त बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *