प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में टिहरी पुलिस द्वारा आमजन और युवाओं को साइबर अपराधों के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में मुनि की रेती और हिन्डोलाखाल पुलिस ने अलग-अलग क्षेत्रों में जनजागरूकता अभियान चलाकर साइबर अपराध ऑनलाइन ठगी नशे के दुष्प्रभाव बाल अपराध महिला सुरक्षा और यातायात नियमों के संबंध में जानकारी दी। थाना मुनि की रेती पुलिस और साइबर सेल की टीम ने ढालवाला स्थित शूटेक कंपनी में कार्यरत वर्कर्स एवं कर्मचारियों को साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचाव के संबंध में जागरूक किया। कर्मचारियों को बताया गया कि वे ओटीपी यूपीआई पिन बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें और अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें। इसके साथ ही फर्जी कॉल और संदेशों के प्रति सतर्क रहने की जानकारी दी गई। पुलिस ने कर्मचारियों को साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के लिए भी जागरूक किया। वहीं थाना हिन्डोलाखाल पुलिस ने अंजनीसैन में स्थानीय युवाओं के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव और उसकी रोकथाम के उपायों के साथ ही साइबर अपराध बाल अपराध महिला सुरक्षा तथा सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। टिहरी पुलिस ने आमजन से अपील की कि वे साइबर अपराध और नशे के प्रति स्वयं जागरूक रहें तथा अपने परिवार मित्रों और आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें। पुलिस ने कहा कि साइबर अपराध से बचाव के लिए सतर्कता बेहद जरूरी है और किसी भी प्रकार की साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल सहायता लेकर शिकायत दर्ज कराई जानी चाहिए।
