Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में टिहरी पुलिस द्वारा वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जनजागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में घनसाली और थत्यूड़ पुलिस ने क्षेत्र में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों तथा एकल रूप से रह रहे वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनकी समस्याओं के संबंध में जानकारी ली। पुलिस टीम ने बुजुर्गों को भरोसा दिलाया कि किसी भी प्रकार की समस्या अथवा आवश्यकता होने पर पुलिस उनकी सहायता के लिए सदैव तत्पर है। पुलिस कर्मियों ने वरिष्ठ नागरिकों से उनके दैनिक जीवन से जुड़ी समस्याओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया। इस दौरान पुलिस द्वारा साइबर चौपाल का आयोजन कर वरिष्ठ नागरिकों एवं स्थानीय लोगों को ऑनलाइन धोखाधड़ी डिजिटल अरेस्ट म्यूल अकाउंट और अन्य साइबर अपराधों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें मोबाइल फोन सोशल मीडिया मंच और अन्य ऑनलाइन माध्यमों से होने वाली साइबर ठगी एवं अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। पुलिस ने नागरिकों को विशेष रूप से अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने ओटीपी यूपीआई पिन पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने के लिए जागरूक किया। संदिग्ध कॉल अथवा वीडियो कॉल से सावधान रहने तथा सोशल मीडिया पर अज्ञात व्यक्तियों से प्राप्त संदेश या लिंक को बिना सत्यापन के आगे नहीं बढ़ाने की सलाह दी गई। वरिष्ठ नागरिकों को आपात स्थिति में तत्काल सहायता के लिए डायल-112 और साइबर अपराध होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराने के संबंध में भी जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने वरिष्ठ नागरिकों को अपना मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराया ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे बिना किसी संकोच के पुलिस से संपर्क कर सकें। टिहरी पुलिस ने सभी वरिष्ठ नागरिकों और आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि साइबर ठगी अथवा अन्य परेशानी की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करें। पुलिस का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के साथ ही उन्हें आधुनिक तकनीक से जुड़े अपराधों के प्रति सजग और जागरूक बनाना है। टिहरी पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने और सुरक्षित रहने की अपील करते हुए कहा कि साइबर अपराध से बचाव ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है। किसी भी आपात स्थिति में डायल-112 पर पुलिस से संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *