Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत हरिद्वार में अवस्थापना विकास से जुड़े कार्यों को तेजी से धरातल पर उतारने के साथ ही मेला प्रशासन ने स्थानीय लोगों के सुझाव और फीडबैक लेने की प्रक्रिया तेज कर दी है। विकास कार्य स्थानीय आवश्यकताओं और जनसुविधाओं के अनुरूप हों इसके लिए जनप्रतिनिधियों साधु-संतों व्यापारियों प्रबुद्धजनों और आम नागरिकों से लगातार संवाद किया जा रहा है। मेलाधिकारी सोनिका ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निर्माण एवं विकास कार्यों को आगे बढ़ाते समय स्थानीय लोगों के सुझावों को प्राथमिकता से सुना जाए। उन्होंने कहा कि मेला प्रशासन और कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी क्षेत्र में जाकर लोगों से संवाद करें तथा उनकी आवश्यकताओं और सुझावों के अनुरूप कार्यों को बेहतर स्वरूप दें। इसी क्रम में मेलाधिकारी स्वयं भी विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर स्थानीय जनप्रतिनिधियों व्यापारियों और नागरिकों से संवाद कर रही हैं। मंगलवार को मेलाधिकारी सोनिका ने शंकर आश्रम चौक अवधूत मंडल मार्ग भगत सिंह चौक ज्वालापुर रेलवे स्टेशन और जटवाड़ा पुल क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न स्थानों पर चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और प्रस्तावित योजनाओं के संबंध में अधिकारियों से जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शंकर आश्रम चौक और अवधूत मंडल मार्ग पर चल रहे सड़क सुधार तथा फुटपाथ निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए मेलाधिकारी ने स्थानीय लोगों से भी सुझाव लिए। उन्होंने कहा कि यातायात के सुचारू संचालन को ध्यान में रखते हुए स्थानीय लोगों की मांग पर इस क्षेत्र में सड़क के मध्य डिवाइडर की चौड़ाई नहीं बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। मेलाधिकारी ने कहा कि हरिद्वार नगर में प्रमुख मंदिरों और अन्य महत्वपूर्ण स्थलों तक सुगम पैदल आवागमन सुनिश्चित करने के लिए फुटपाथ निर्माण की योजना पर कार्य किया जा रहा है। इससे स्थानीय नागरिकों के साथ ही कुंभ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को भी सुविधा मिलेगी। उन्होंने क्षेत्रीय आवश्यकताओं और स्थानीय सुझावों के अनुरूप उपयुक्त स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था तथा सौंदर्यीकरण के अन्य कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को चौराहों के सुधार कार्य स्थानीय आवश्यकताओं और लोगों के सुझावों को ध्यान में रखते हुए करने के निर्देश दिए। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों से टॉयलेट और पार्किंग के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित करने में सहयोग का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि उपयुक्त भूमि उपलब्ध होने पर मेला प्रशासन द्वारा क्षेत्र में टॉयलेट और सतही पार्किंग की व्यवस्था विकसित की जाएगी। स्थानीय लोगों की मांग पर मेलाधिकारी ने अवधूत मंडल मार्ग के मध्य रेलिंग और लाइट पोस्ट स्थापित करने के संबंध में भी अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद मेलाधिकारी ने भगत सिंह चौक क्षेत्र का निरीक्षण कर सड़क सुधार फुटपाथ निर्माण और सौंदर्यीकरण के कार्यों की प्रगति जानी। उन्होंने चौक से लगे नालों की सफाई कराने तथा आवश्यकतानुसार उन्हें ढकने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से संवाद कर क्षेत्र की समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी भी ली। ज्वालापुर रेलवे स्टेशन क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने सड़क सुधार सौंदर्यीकरण और जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को तेजी से धरातल पर उतारने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्वक पूरे किए जाएं। साथ ही कार्यों के दौरान स्थानीय नागरिकों की सुविधा और उनके सुझावों का पूरा ध्यान रखा जाए। जटवाड़ा पुल क्षेत्र के भ्रमण के दौरान मेलाधिकारी ने प्रस्तावित कार्यों के संबंध में अधिकारियों से विचार-विमर्श किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों ने मेला प्रशासन की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं और सुझावों के अनुरूप कार्य कराए जाने से विकास कार्य अधिक उपयोगी और जनहितकारी बनेंगे। उन्होंने क्षेत्र में सड़क और चौराहों के सुधार फुटपाथ निर्माण सौंदर्यीकरण तथा अन्य जनसुविधाओं से जुड़े कार्य कराए जाने की भी सराहना की। इस दौरान नगर निगम की पार्षद मोनिका सैनी पार्षद राजेश शर्मा पार्षद प्रतिनिधि गुलशन शर्मा सहित सागर अरोड़ा जयकिशन विरमानी सुमित मल्होत्रा भारत तनेजा धीरेंद्र गुप्ता रवि शंकर सुरेश शर्मा हेमंत चावला राजू गुप्ता पवन कुमार आदि स्थानीय लोग एवं व्यापारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती एचआरडीए के सचिव प्रत्यूष कुमार सिंह सीओ यूके मलिक पीआईयू के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुश सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *