Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर संचालित आजीविका ग्रामीण एक्सप्रेस योजना के अंतर्गत उत्तराखंड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ग्रामीण विकास विभाग की ओर से विकासखंड नैनीडांडा की नई पहल स्वायत्त सहकारिता समिति उम्टा-हल्दूखाल को ग्रामीण परिवहन सेवा के लिए पिकअप वाहन उपलब्ध कराया गया। वाहन के संचालन से क्षेत्र में परिवहन सुविधा सुदृढ़ होने के साथ ही स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार और आजीविका के अवसरों को बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख प्रकीर्ण नेगी की उपस्थिति में ज्येष्ठ प्रमुख रेखा देवी कनिष्ठ प्रमुख राजेन्द्र पटवाल खंड विकास अधिकारी प्रमोद चंद्र पांडेय तथा नई पहल सीएलएफ की अध्यक्ष एवं कोषाध्यक्ष ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर पिकअप वाहन को रवाना किया। इस दौरान वाहन नई पहल स्वायत्त सहकारिता समिति को विधिवत सुपुर्द किया गया। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी ने बताया कि आजीविका ग्रामीण एक्सप्रेस योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन संबंधी आवश्यकताओं को स्थानीय स्तर पर पूरा करने के साथ स्वयं सहायता समूहों और उनके संघों से जुड़े परिवारों के लिए आय एवं स्वरोजगार के अतिरिक्त अवसर उपलब्ध कराना है। पिकअप वाहन के संचालन से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन और परिवहन सेवाओं को बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने बताया कि योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन की जरूरतों को पूरा करने के साथ स्थानीय लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। पिकअप वाहन उपलब्ध होने से संबंधित क्षेत्र में परिवहन सुविधा को मजबूती मिलेगी और स्वयं सहायता समूहों से जुड़े परिवारों के लिए आजीविका के नए अवसर सृजित होंगे। कार्यक्रम में नई पहल सीएलएफ के पदाधिकारी एवं स्टाफ एनआरएलएम ब्लॉक एवं फील्ड स्टाफ तथा ग्रामोत्थान ब्लॉक स्टाफ सहित संबंधित कार्मिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *