Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर-2026 का कार्य जनपद की सभी छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से किया जा रहा है। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने बताया कि प्रशासन का प्रयास है कि निर्वाचक नामावली पूरी तरह शुद्ध और अद्यतन हो तथा कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। जिलाधिकारी ने बताया कि एसआईआर के तहत जनपद की सभी छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में विसंगति और मानचित्रण नहीं होने की श्रेणी में आने वाले मतदाताओं को कुल 1,39,967 नोटिस जारी किए गए थे। सभी नोटिसों के सापेक्ष संबंधित स्तर पर सुनवाई की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। सुनवाई के दौरान पात्र पाए गए मामलों को अंतिम निर्वाचक नामावली के प्रकाशन के लिए तैयार किया जा चुका है जबकि अपात्र पाए गए मामलों का नियमानुसार निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा अंतिम निर्वाचक नामावली के प्रकाशन की पूर्व निर्धारित तिथि 15 सितंबर 2026 से बढ़ाकर 3 अक्टूबर 2026 कर दी गई है। वहीं सुनवाई की अंतिम तिथि अब 28 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। जनपद में अधिकांश सुनवाई पूरी हो चुकी है और शेष प्रक्रिया भी निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी की जा रही है। जिलाधिकारी ने कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ लगातार समन्वय और सूचनाओं का आदान-प्रदान किया जा रहा है। किसी भी स्तर पर सामने आने वाली समस्या का नियमानुसार समाधान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आगे भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को एसआईआर की प्रगति और प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं ब्रीफिंग दी जाएगी। उन्होंने कहा कि एसआईआर-2026 की पूरी प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी तरीके से की जा रही है। इसका उद्देश्य ऐसी अंतिम निर्वाचक नामावली तैयार करना है जिसमें सभी पात्र मतदाताओं के नाम शामिल हों और अपात्र नामों का नियमानुसार निस्तारण किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *