प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जिला प्रशासन तथा महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में विकासखंड कल्जीखाल के राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय बड़कोट में मिशन शक्ति के तहत एक दिवसीय प्रचार-प्रसार कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में बच्चों को घरेलू हिंसा पॉक्सो एक्ट महिला हेल्पलाइन 181 चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा मिशन शक्ति वन स्टॉप सेंटर की सेवाओं और कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई। मिशन शक्ति वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासिका लक्ष्मी रावत ने बच्चों को उनके अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बच्चों के साथ किसी भी प्रकार की हिंसा या दुर्व्यवहार होने पर इसकी शिकायत संबंधित स्तर पर की जानी चाहिए। उन्होंने बच्चों को यह भी बताया कि हिंसा और उत्पीड़न की स्थिति में शिकायत कैसे और कहां की जा सकती है। कार्यशाला के दौरान बच्चों को गुड टच और बैड टच के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श के बीच अंतर समझाया गया। साथ ही किसी भी संदिग्ध अथवा असहज स्थिति में तत्काल अपने अभिभावक शिक्षक या संबंधित हेल्पलाइन को जानकारी देने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य आशा देवी सहायक अध्यापक रोशन सिंह रावत सरित रावत सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
