Spread the love

प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। जिला सहकारी बैंकों के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने गढ़वाल मंडल में शानदार प्रदर्शन करते हुए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों पर सभी घोषित प्रत्याशियों को निर्विरोध निर्वाचित कराया है। गढ़वाल मंडल के छह जनपदों में हुए चुनाव में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों पर भाजपा समर्थित प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन राज्य सहकारिता के इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया जा रहा है। सहकारिता मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने जिला सहकारी बैंकों में भाजपा की इस जीत पर खुशी जताई। सहकारिता मंत्री ने कहा कि सहकारिता चुनाव में कांग्रेस कहीं नहीं टिक पाई है और सहकारिता क्षेत्र में आम लोगों ने भाजपा की नीतियों पर भरोसा जताया है। गढ़वाल मंडल के अंतर्गत जिला सहकारी बैंकों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में देहरादून चमोली उत्तरकाशी पौड़ी गढ़वाल टिहरी गढ़वाल और हरिद्वार में भाजपा द्वारा घोषित सभी प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। देहरादून में मंजीत रावत चमोली में गजेंद्र सिंह रावत उत्तरकाशी में शारदा राणा पौड़ी गढ़वाल में पंकज रावत टिहरी गढ़वाल में सुभाष चंद्र रमोला तथा हरिद्वार में विजेंद्र चौधरी अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। इसके अलावा सभी छह जिला सहकारी बैंकों में उपाध्यक्ष पद पर भी भाजपा समर्थित प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। उत्तराखंड सहकारिता चुनाव में पहली बार महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू किया गया है। महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिला सहकारी बैंकों के चुनाव 33 प्रतिशत महिला प्रतिनिधित्व के साथ संपन्न किए जा रहे हैं। प्रदेश के दस जिला सहकारी बैंकों में से उत्तरकाशी अल्मोड़ा और ऊधम सिंह नगर जिला सहकारी बैंकों में अध्यक्ष पद महिला आरक्षित है। इस आरक्षण के तहत इन तीन जनपदों में महिला अध्यक्ष निर्वाचित होंगी। जिला सहकारी बैंकों के चुनाव दो चरणों में संपन्न हो रहे हैं। प्रथम चरण में गढ़वाल मंडल के छह जिला सहकारी बैंकों के चुनाव में भाजपा ने सभी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों पर निर्विरोध जीत दर्ज की है। वहीं कुमाऊं मंडल में जिला सहकारी बैंकों के चुनाव 10 और 11 सितंबर को आयोजित होंगे। भारतीय जनता पार्टी की ओर से कुमाऊं मंडल में भी गढ़वाल मंडल जैसा प्रदर्शन दोहराने के लिए ठोस चुनावी रणनीति तैयार किए जाने की बात कही गई है। सहकारिता मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने गढ़वाल मंडल में सहकारिता चुनावों के तहत जिला सहकारी बैंकों में अध्यक्ष उपाध्यक्ष और निदेशक पदों पर निर्विरोध निर्वाचित सभी प्रत्याशियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सभी का निर्विरोध निर्वाचन आपसी विश्वास संगठनात्मक समन्वय और सहकारिता की भावना को मजबूत करने का संदेश देता है। उन्होंने विश्वास जताया कि नवनिर्वाचित पदाधिकारी सहकारिता आंदोलन को नई गति और दिशा प्रदान करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *