Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। रुद्रप्रयाग पुलिस की ओर से आमजन और युवा पीढ़ी को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इसी क्रम में पुलिस चौकी जखोली मयाली के कर्मचारियों ने राजकीय इंटर कॉलेज रामाश्रम के खेल मैदान खानसौड़ में विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध बाल एवं महिला सुरक्षा तथा यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी देकर जागरूक किया। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर खतरों और ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों के बारे में छात्र-छात्राओं को जानकारी दी। इसमें डिजिटल अरेस्ट ठगी निवेश और ट्रेडिंग फ्रॉड फर्जी नौकरी एवं घर से काम करने के नाम पर होने वाली ठगी फर्जी ऋण ऐप क्यूआर कोड फ्रॉड ओटीपी फ्रॉड साइबर बुलिंग और ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड के तौर-तरीकों को विस्तार से समझाया गया। इसके साथ ही महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों तथा सड़क सुरक्षा के नियमों को लेकर भी विशेष मार्गदर्शन दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के तरीके बताते हुए सख्त हिदायत दी कि वे अपना ओटीपी यूपीआई पिन और पासवर्ड किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने अज्ञात क्यूआर कोड को स्कैन कर पिन डालने सोशल मीडिया पर जरूरत से ज्यादा व्यक्तिगत जानकारी साझा करने और अज्ञात लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट तुरंत स्वीकार करने से बचने की सलाह दी गई। छात्रों को यह भी बताया गया कि किसी के बहकावे में आकर कोई अज्ञात ऐप या एपीके डाउनलोड न करें और अधिक मुनाफे के लालच में ऑनलाइन निवेश करने से बचें। ऑनलाइन ब्लैकमेल होने की स्थिति में किसी को पैसे न देने तथा साइबर बुलिंग का शिकार होने पर तुरंत अपने माता-पिता या किसी विश्वसनीय बड़े व्यक्ति को इसकी जानकारी देने की सलाह दी गई। रुद्रप्रयाग पुलिस ने छात्र-छात्राओं से किसी भी संदिग्ध गतिविधि या डिजिटल लेन-देन के दौरान ‘रुकें सोचें जांचें’ के सूत्र को। अपनाने का आह्वान किया। पुलिस ने बताया कि किसी भी प्रकार की वित्तीय साइबर धोखाधड़ी का शिकार होने पर बिना देरी किए राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तत्काल कॉल करना चाहिए। इसके साथ ही आधिकारिक साइबर अपराध पोर्टल cybercrime.gov.in पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। रुद्रप्रयाग पुलिस ने अपील की कि इंटरनेट के इस्तेमाल से डरने के बजाय सतर्कता और समझदारी के साथ इसका सुरक्षित उपयोग करना सीखना जरूरी है। जागरूकता और सावधानी के माध्यम से साइबर अपराधों से काफी हद तक बचाव किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *