प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। भारतीय स्कीइंग एवं पर्वतारोहण संस्थान आईआईएसएम गुलमर्ग जम्मू-कश्मीर की ओर से टिहरी झील में वाटर स्कीइंग के कोर्स आयोजित किए जा रहे हैं। पर्यटन मंत्रालय भारत सरकार के इस संस्थान की ओर से पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी टिहरी झील में वाटर स्कीइंग के बेसिक इंटरमीडिएट और एडवांस स्तर के तीन कोर्स संचालित किए जा रहे हैं। इन कोर्सों में देश के विभिन्न राज्यों से प्रतिभागी हिस्सा लेने पहुंच रहे हैं। इस वर्ष कुल 28 प्रतिभागियों ने नामांकन कराया था जिनमें से 24 प्रतिभागियों ने संस्थान में रिपोर्ट किया है। संस्थान के अनुसार टिहरी झील का पानी वाटर स्पोर्ट्स और वाटर स्कीइंग के लिए बेहद उपयुक्त है। झील का पानी साफ होने के साथ ही यहां का स्थान वाटर स्पोर्ट्स के लिए अनुकूल है। इसी को देखते हुए पर्यटन मंत्रालय की ओर से इस वर्ष भी टिहरी झील में तीन वाटर स्कीइंग कोर्स संचालित करने का निर्णय लिया गया है। भारतीय स्कीइंग एवं पर्वतारोहण संस्थान गुलमर्ग के प्रधानाचार्य कर्नल ईश्वर सिंह थापा सेना मेडल विशिष्ट सेवा मेडल ने बताया कि संस्थान का विजन उत्तराखंड में पर्यटन को बढ़ावा देना है। इसी उद्देश्य के तहत इस वर्ष उत्तराखंड में तीन वाटर स्कीइंग कोर्स टिहरी झील और दो रिवर राफ्टिंग कोर्स ऋषिकेश में संचालित करने की स्वीकृति दी गई है। इस अवसर पर आईआईएसएम गुलमर्ग के असिस्टेंट डायरेक्टर रेनू बामरारा कोर्स इंचार्ज प्रवीण सिंह इंस्ट्रक्टर अरविंद खलील और शबीर सहित स्टूडेंट्स इश्वीन अमलेश कुश निकिता अस्मित मित्तल नेहा जोशी गौरी वर्षा अग्रवाल अनुराग पांडे आदि उपस्थित रहे।
