प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम एसआईआर-2026 के तहत टिहरी जनपद में प्राप्त दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की सुनवाई लगभग पूरी हो चुकी है। जनपद में जारी किए गए कुल 1,17,501 नोटिसों में से 1,17,500 नोटिसों की सुनवाई पूरी कर ली गई है। इस तरह अब तक 99.99 प्रतिशत सुनवाई पूरी हो चुकी है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय कक्ष में एसआईआर-2026 के तहत प्राप्त दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की सुनवाई के संबंध में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसआईआर की प्रगति और आगे की प्रक्रिया को लेकर जानकारी दी गई। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा एसआईआर-2026 के तहत दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण तथा अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की तिथियों में संशोधन किया गया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की अंतिम तिथि 28 सितंबर 2026 तथा अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की तिथि 3 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि 14 जुलाई 2026 को प्रकाशित निर्वाचक नामावली के अनुसार जनपद की छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में 994 मतदान केंद्र और 4,63,628 मतदाता हैं। अनमैप एवं विसंगति की श्रेणी में चिह्नित निर्वाचकों को नोटिस वितरित कर उनकी सुनवाई की जा रही है। जनपद में कुल 1,17,501 नोटिस जारी एवं वितरित किए गए थे जिनमें से 1,17,500 नोटिसों की सुनवाई पूरी हो चुकी है। बैठक में 15 जुलाई से 7 सितंबर 2026 तक 18 से 49 आयु वर्ग के लिए प्राप्त विभिन्न प्रपत्रों की प्रगति की भी जानकारी दी गई। प्रपत्र-6 के कुल 3,171 आवेदनों में 1,634 स्वीकार किए गए हैं 62 निरस्त हुए हैं तथा 489 प्रपत्र मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया में हैं। इसी तरह प्रपत्र-7 के कुल 613 आवेदनों में 168 स्वीकार 16 निरस्त तथा 360 प्रपत्र मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया में हैं। प्रपत्र-8 के कुल 1,021 आवेदनों में 549 स्वीकार किए गए हैं 15 निरस्त हुए हैं तथा 58 प्रपत्र मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया में हैं। बैठक में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विजय तिवारी वरिष्ठ सहायक मनोज भट्ट जिलाध्यक्ष कांग्रेस मुरारी लाल खंडवाल भाजपा से राजेंद्र प्रसाद डोभाल एवं जयेन्द्र पंवार उत्तराखंड क्रांति दल से लोकेंद्र दत्त जोशी सहित संबंधित अधिकारी और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
