Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। सतपुली-गुमखाल राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-534 पर चल रहे निर्माण कार्य की प्रगति और यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने कार्य में लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्था को कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार लाने तथा निर्माण कार्य के साथ सड़क सुरक्षा और सुरक्षात्मक कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। सड़क पर मलबा जमा रहने पुश्ते गिरने और यातायात व्यवस्था में खामियों को लेकर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आमजन की आवाजाही बाधित होना अथवा सड़क को असुरक्षित स्थिति में छोड़ना किसी भी दशा में स्वीकार नहीं किया जाएगा। मंगलवार को जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क निर्माण के दौरान यातायात सुचारू बनाए रखना और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना संबंधित विभाग तथा कार्यदायी संस्था की जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि सड़क पर अनावश्यक रूप से मलबा जमा न हो और जहां निर्माण अथवा कटिंग के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है वहां तत्काल मलबा हटाया जाए। पुश्तों के गिरने और कमजोर सुरक्षात्मक संरचनाओं को लेकर भी उन्होंने गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि राइट ऑफ वे से बाहर जो भी भवन प्रभावित हो रहे हैं उनका भी स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य के कारण आमजन की आवाजाही प्रभावित होने या सड़क को असुरक्षित छोड़ने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। राष्ट्रीय राजमार्ग खंड के अधिशासी अभियंता ने बताया कि सूलिया सतपुलीसैंण सतपुली मल्ली कुल्हाड़ मोड़ तथा गहड़गांव के समीप निर्माण और कटिंग का कार्य चल रहा है। जिलाधिकारी ने इन स्थानों पर शेष मलबा एक सप्ताह के भीतर हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने आवश्यकता के अनुसार मलबा हटाने वाले वाहनों की संख्या बढ़ाने और प्रतिदिन कार्यों की निगरानी करते हुए प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही निर्माण कार्य के साथ पुश्ते सुरक्षा दीवारें और अन्य सुरक्षात्मक कार्य भी प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए। यातायात व्यवस्था की समीक्षा के दौरान बताया गया कि आवश्यक स्थानों पर यातायात संकेतक लगाए गए हैं और नयार घाटी मोड़ को साफ किया गया है। उपजिलाधिकारी ने कुछ स्थानों पर दोपहिया वाहनों के आवागमन में विशेष सावधानी की आवश्यकता बताई। इस पर जिलाधिकारी ने संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा अवरोधक लगाने सड़क के दोनों ओर मलबा एकत्र न करने तथा यातायात को सुरक्षित बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला खनन अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर उपखनिज के अवैध भंडारण के संबंध में अब तक तीन मामलों में कार्रवाई की गई है और संबंधित पर जुर्माना लगाया गया है। जिलाधिकारी ने ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरतने और नियमित निरीक्षण करते हुए नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला खनन अधिकारी को भूगर्भ वैज्ञानिक के साथ संबंधित स्थलों का संयुक्त निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को भी कहा। बैठक में बताया गया कि राष्ट्रीय राजमार्ग के डामरीकरण कार्य में तेजी लाई जा रही है और 15 नवंबर तक समस्त डामरीकरण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। जिलाधिकारी ने निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए। अधिशासी अभियंता ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग के पांच स्थानों पर भूस्खलन से बचाव के कार्य कराए जाएंगे। इनमें बैरगांव और कुल्हाड़ के मध्य कार्य शुरू हो चुका है। जिलाधिकारी ने सुरक्षात्मक दीवारों और अन्य संरचनाओं का निर्माण गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराने तथा उन स्थानों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए जहां सड़क या आसपास की संरचनाओं को खतरा है। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में संबंधित अधिकारियों की समिति गठित करते हुए 16 सितंबर को दोबारा स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। समिति मौके पर निर्माण कार्य की प्रगति यातायात व्यवस्था सड़क पर मलबे की स्थिति पुश्तों और सुरक्षात्मक कार्यों के साथ आमजन को हो रही परेशानियों का जायजा लेगी। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि निरीक्षण के दौरान यदि कार्य में लापरवाही अथवा दिए गए निर्देशों की अनदेखी पाई जाती है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता की आवाजाही और सड़क सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। निर्माण कार्य में लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी एफआर चौहान उपजिलाधिकारी रेखा आर्य अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग खंड अरुण कुमार जिला खनन अधिकारी अनिल मुयाल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *