Spread the love

प्रदीप कुमार
भगवानपुर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कोतवाली भगवानपुर पुलिस ने गोली मारने की झूठी कहानी रचकर पुलिस को गुमराह करने के मामले का खुलासा किया है। डायल-112 पर मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों द्वारा गोली चलाने का प्रयास किए जाने की सूचना देने वाले युवक के बयान जब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से मेल नहीं खाए तो पुलिस ने उससे पूछताछ की। पूछताछ में युवक ने झूठी सूचना देने की बात स्वीकार कर ली जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार 7 सितंबर 2026 को डायल-112 के माध्यम से कोतवाली भगवानपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि गागालेड़ी रोड पर मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने कॉलर के ऊपर गोली चलाने का प्रयास किया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची जहां कॉलर शुभम शर्मा पुत्र चन्द्रमणि शर्मा निवासी हाल पता सम्राट कॉलोनी थाना भगवानपुर जनपद हरिद्वार मिला। पुलिस को बातचीत के दौरान उसके नशे में होने का आभास हुआ। पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही कॉलर द्वारा बताए गए घटनाक्रम और उसके बयानों का उपलब्ध साक्ष्यों से मिलान किया गया। जांच के दौरान उसके बयानों में भारी विरोधाभास सामने आए। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने शुभम शर्मा से सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपनी गलती स्वीकार करते हुए बताया कि वह गागालेड़ी रोड से अपने कमरे की ओर जा रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने उससे रास्ता पूछा। इसके बाद किसी बात को लेकर युवकों और उसके बीच कहासुनी हो गई। इसी बात से गुस्से में आकर उसने डायल-112 पर गोली चलाने की झूठी सूचना दे दी। पुलिस के अनुसार शुभम शर्मा ने गोली चलने और जानलेवा हमले की झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह किया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। हरिद्वार पुलिस ने आमजन से अपील की है कि पुलिस और आपातकालीन सेवाओं को किसी भी प्रकार की झूठी सूचना न दें। झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करना कानूनन अपराध है। इससे पुलिस संसाधनों का अनावश्यक उपयोग होता है और वास्तविक जरूरतमंद लोगों तक समय पर सहायता पहुंचने में देरी हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *