प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कोतवाली रानीपुर पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत आपराधिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान युवती को आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में उसके पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार युवती ने परिजनों की इच्छा के विरुद्ध कोर्ट मैरिज की थी और गर्भवती होने के बाद उसका पति उसे लगातार परेशान और धमकाता था। पुलिस ने आरोपी को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में नामजद अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार रामधाम कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने 26 जुलाई 2026 को कोतवाली रानीपुर में शिकायत देकर अपनी 20 वर्षीय बेटी सुहानी की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। युवती की तलाश के दौरान 27 जुलाई को उसका शव पथरी पावर हाउस स्थित बैराज से बरामद किया गया था। पोस्टमार्टम के बाद मृतका के परिजनों ने पुलिस को बताया कि सुहानी ने अजय नामक युवक से कोर्ट मैरिज की थी। परिजनों का आरोप था कि शादी के बाद उसका पति और ससुराल पक्ष के अन्य लोग उसके साथ अमानवीय व्यवहार करते थे जिसके कारण वह काफी परेशान रहती थी। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष की मानसिक प्रताड़ना के दबाव में उनकी बेटी ने आत्महत्या की। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस जांच में सामने आया कि सुहानी ने अपने परिवार को बिना बताए 25 जून 2026 को अजय से कोर्ट मैरिज की थी और इसके बाद अपने मायके आ गई थी। इसी दौरान सुहानी के गर्भवती होने की जानकारी मिलने पर उसका पति अजय कथित रूप से उस पर अपनी इच्छा के अनुसार काम करने का दबाव बनाने लगा। पुलिस के अनुसार अजय उसे यह धमकी भी देता था कि वह मोहल्ले के लोगों को बता देगा कि सुहानी उसके बच्चे की मां बनने वाली है। पुलिस के मुताबिक इन परिस्थितियों के कारण सुहानी मानसिक रूप से परेशान चल रही थी। घटना से एक दिन पहले मोहल्ले के लोगों को उसके गर्भवती होने की जानकारी होने की बात सामने आने के बाद बदनामी के डर से मानसिक रूप से परेशान युवती ने 25 जुलाई 2026 को बहादराबाद में लाल पुल के पास नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने तलाश के दौरान अगले दिन उसका शव पथरी पावर हाउस स्थित बैराज से बरामद किया था। पुलिस टीम ने मामले में नामजद आरोपी अजय पुत्र स्वर्गीय राजपाल निवासी ब्रह्मपुरी रावली महदूद कोतवाली रानीपुर हरिद्वार उम्र 28 वर्ष को 7 सितंबर 2026 को पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया। पुलिस द्वारा आरोपी को आज न्यायालय में पेश किया जा रहा है। वहीं मामले में नामजद अन्य आरोपियों की भूमिका को लेकर भी जांच जारी है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी उपनिरीक्षक चरण सिंह चौहान चौकी प्रभारी गैस प्लांट कांस्टेबल करम सिंह और कांस्टेबल गंभीर तोमर शामिल रहे।
