Spread the love

प्रदीप कुमार
बद्रीनाथ/चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। श्री बद्रीनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा तीर्थ क्षेत्र की पवित्र व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर प्रभावी निगरानी के लिए चमोली पुलिस सतर्कता से कार्य कर रही है। इसी क्रम में ऑपरेशन कालनेमि के तहत कोतवाली श्री बद्रीनाथ पुलिस ने क्षेत्र में वृहद सत्यापन अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने क्षेत्र में रह रहे 50 से अधिक साधु-संतों और भिक्षुओं का भौतिक सत्यापन किया। पुलिसकर्मियों ने सभी से शालीनता और सम्मानपूर्वक संवाद करते हुए उनकी पहचान तथा आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी जुटाई। सत्यापन के दौरान कुल 29 भिक्षुओं के पास पहचान से संबंधित वैध और पूर्ण दस्तावेज उपलब्ध नहीं पाए गए। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने बिना किसी असुविधा या बल प्रयोग के मानवीय गरिमा का पूरा ध्यान रखते हुए उनकी सुरक्षित वापसी की व्यवस्था सुनिश्चित की। इसके लिए मौके पर ही जीएमओयू बस यूनियन के कार्मिकों और बस को बुलाया गया। पुलिस की देखरेख में सभी 29 भिक्षुओं को श्री बद्रीनाथ क्षेत्र से सकुशल ऋषिकेश और हरिद्वार के लिए सुरक्षित रवाना किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *