Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी की अध्यक्षता में जिला योजना राज्य सेक्टर एवं केंद्र पोषित योजनाओं के कार्यों की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों और कार्यदायी संस्थाओं के कार्यों की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति की समीक्षा करते हुए विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को लंबित निविदा प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा करने तथा स्वीकृत कार्यों को तेजी से धरातल पर उतारने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण एवं विकास कार्य गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरे किए जाएं ताकि योजनाओं का लाभ आमजन तक समय पर पहुंच सके। बैठक में वित्तीय प्रगति की समीक्षा के दौरान बताया गया कि अगस्त 2026 तक जिला योजना के अंतर्गत अवमुक्त धनराशि के सापेक्ष 35 प्रतिशत व्यय किया गया है। राज्य सेक्टर योजनाओं के अंतर्गत अवमुक्त धनराशि के सापेक्ष 46 प्रतिशत तथा केंद्र पोषित योजनाओं के अंतर्गत अवमुक्त धनराशि के सापेक्ष 84 प्रतिशत व्यय किया गया है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने उपलब्ध धनराशि के सापेक्ष व्यय में और अधिक प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला योजना राज्य सेक्टर एवं केंद्र पोषित योजनाओं के अंतर्गत स्वीकृत सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं। लंबित निविदा प्रक्रियाओं को तत्काल पूर्ण कर विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। बैठक में सीएम हेल्पलाइन की भी समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने 30 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समयावधि में निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए जिससे शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी न हो। बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.मेघना असवाल जिला विकास अधिकारी रमेश चंद जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी राम सलोने जिला पंचायत राज अधिकारी जितेंद्र कुमार जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबरिया जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन भंडारी मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ.विशाल शर्मा अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड विवेक सेमवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *