Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जिला सहकारी विकास समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि विपणन अवसंरचना एवं कृषि अवसंरचना कोष से संबंधित योजनाओं के अभिसरण से पैक्स के लिए अन्न भंडारण योजना के अंतर्गत चयनित समितियों तथा भंडारण निर्माण से जुड़े प्रकरणों की समीक्षा की गई। बैठक में सहायक निबंधक सहकारी पान सिंह राणा ने अवगत कराया कि पैक्स के लिए अन्न भंडारण योजना के अंतर्गत जनपद की विभिन्न समितियों का चयन किया गया है। इनमें मंजगांव म्याणी ढालवाला कमांद और कोड़ियाला समितियां शामिल हैं। बैठक में एमपैक्स कोड़ियाला के पोर्ट ट्रेडिंग स्थल परिवर्तन के संबंध में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि पूर्व स्थल पर मुख्य सड़क मार्ग से प्रस्तावित गोदाम तक करीब 20 मीटर के ट्रैक पर आवागमन के लिए पर्याप्त रास्ता उपलब्ध नहीं था। इसे देखते हुए ग्राम पंचायत नाई में स्थल का चयन किया गया है। यह स्थल स्थल चयन समिति के कार्यक्षेत्र के केंद्र बिंदुओं में है और मुख्य मार्ग से भी जुड़ा हुआ है। संबंधित स्थल का निरीक्षण किए जाने की जानकारी भी बैठक में दी गई। जिलाधिकारी ने स्थल निरीक्षण से संबंधित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही उपजिलाधिकारी नरेंद्रनगर को भी स्थल का निरीक्षण कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र खोले जाने की प्रगति की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि जनपद में कुल पांच जन औषधि केंद्र खोले जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए मलेथा चंबा मुखेम चामाकेमर और ढालवाला में केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। इनमें से चार जन औषधि केंद्रों को प्रारंभिक एवं सैद्धांतिक स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। बताया गया कि मलेथा चंबा और ढालवाला के जन औषधि केंद्रों को ड्रग लाइसेंस एवं स्टोर कोड भी प्राप्त हो चुके हैं। जिलाधिकारी ने शेष प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में अवगत कराया गया कि प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र मलेथा में 1,44,329 रुपये की दवाइयां खरीदी गईं जबकि 1,21,702 रुपये मूल्य की दवाइयां बेची गईं। मेडिकल क्षेत्र के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में व्यवसाय वृद्धि के लिए की जा रही व्यवस्थाओं और प्रयासों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं व्यवस्थाओं और सेवाओं को बेहतर बनाने के साथ अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल आईएएस प्रशिक्षु ज्योति अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र नेगी जिला विकास अधिकारी मो.असलम जिला पूर्ति अधिकारी सुनील बडोनी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *