Spread the love

प्रदीप कुमार
गोपेश्वर-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल।यातायात पुलिस चमोली की ओर से केंद्रीय विद्यालय गोपेश्वर में छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी देकर जागरूक किया गया। इस दौरान यातायात अपर उपनिरीक्षक मकान सिंह ने विद्यार्थियों को सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाने सड़क पर पैदल चलते समय सावधानी बरतने और वाहन में सफर करते समय यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया। छात्र-छात्राओं को बताया गया कि सड़क सुरक्षा केवल वाहन चालकों की जिम्मेदारी नहीं है बल्कि सड़क का प्रयोग करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने ओवरटेक करते समय विशेष सावधानी बरतने और नाबालिगों द्वारा वाहन न चलाने के संबंध में जानकारी दी गई। इस दौरान केंद्रीय विद्यालय गोपेश्वर के छात्र-छात्राओं और विद्यालय प्रबंधन को न्यू बस स्टेशन गोपेश्वर से लीसा बैंड तक जाने वाले बाईपास मोटर मार्ग की वर्तमान स्थिति के संबंध में भी अवगत कराया गया। बताया गया कि केंद्रीय विद्यालय के नीचे की ओर स्थित बैंड के पास सड़क के ऊपरी और निचले दोनों ओर से स्लाइड आने के कारण मोटर मार्ग का अधिकांश हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। मार्ग की वर्तमान स्थिति को देखते हुए यहां आवागमन जोखिमपूर्ण हो सकता है। यातायात पुलिस ने विद्यालय प्रबंधन को विशेष रूप से अवगत कराया कि जब तक उक्त मोटर मार्ग की मरम्मत या पुनर्निर्माण का कार्य पूरा नहीं हो जाता तब तक बच्चों से भरे विद्यालयी वाहनों को इस मार्ग से न भेजा जाए। बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विद्यालयी वाहनों के संचालन के लिए सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग का प्रयोग करने की अपील की गई। चमोली पुलिस ने आमजन और विद्यालय प्रबंधन से भी अपील की कि सड़क की स्थिति सामान्य होने तक न्यू बस स्टेशन गोपेश्वर से लीसा बैंड बाईपास मोटर मार्ग पर अनावश्यक आवागमन से बचें और प्रशासन तथा पुलिस की ओर से जारी यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *