Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की ओर से जनपद में खाद्य प्रतिष्ठानों के विरुद्ध लगातार सघन निरीक्षण और प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत हरिद्वार नगर निगम क्षेत्र के खड़खड़ी जगजीतपुर और ज्वालापुर में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों डेयरी और मिष्ठान विक्रेताओं का औचक निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच की गई तथा खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनय कुमार पाण्डेय ने बताया कि ज्वालापुर स्थित अवधूत मंडल आश्रम के नजदीक एक प्रतिष्ठान के निरीक्षण के दौरान करीब 150 किलोग्राम रसगुल्ले पाए गए जिनकी एक्सपायरी डेट समाप्त हो चुकी थी। रसगुल्लों का नमूना जांच के लिए लिया गया। बिक्री और उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाए जाने पर करीब 150 किलोग्राम रसगुल्लों को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रतिष्ठान द्वारा खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम तथा नियमों का पालन नहीं किए जाने पर सुधार नोटिस जारी किया गया। प्रतिष्ठान संचालक को 14 दिनों के भीतर निर्धारित प्रारूप में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त एक ग्राहक की शिकायत पर खड़खड़ी स्थित एक डेयरी से खोये का एक नमूना लिया गया। वहीं जगजीतपुर फुटबॉल ग्राउंड के पास स्थित तीन डेयरियों से पनीर के दो नमूने और खुले दूध का एक नमूना जांच के लिए लिया गया। अभियान के तहत वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चन्द्र टम्टा ने ज्वालापुर क्षेत्र में 10 खाद्य कारोबार प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कुल पांच खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए जिनमें पनीर के दो खोये का एक खुले दूध का एक और रसगुल्ले का एक नमूना शामिल है। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि जनपद में मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान लगातार जारी रहेगा। खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *