प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार उत्तराखंड में 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की समय-सारणी में संशोधन किया गया है। संशोधित कार्यक्रम के तहत दावे और आपत्तियों के निस्तारण की अवधि बढ़ा दी गई है। अब अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 3 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अंतिम मतदाता सूची 15 सितंबर 2026 को प्रकाशित होनी थी। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड के निर्देशों के क्रम में संशोधित समय-सारणी के अनुसार दावे और आपत्तियों के निस्तारण की अंतिम तिथि 28 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। इसके बाद 3 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जनपद चमोली की तीनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान कुल 63,347 नोटिस जारी किए गए थे। इन सभी नोटिसों पर सुनवाई की कार्यवाही पूरी कर ली गई है और संबंधित प्रकरणों को पोर्टल पर अपलोड भी किया जा चुका है। जिलाधिकारी ने बताया कि इसके अतिरिक्त 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 के बीच प्राप्त फॉर्म-6 फॉर्म-7 और फॉर्म-8 पर भी नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही की जा चुकी है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी संशोधित समय-सारणी के अनुरूप शेष कार्यवाही को समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने को कहा। उन्होंने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और आमजन से भी अपील की कि संशोधित कार्यक्रम एवं निर्धारित तिथियों की जानकारी प्राप्त कर पुनरीक्षण प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।
