Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद पौड़ी गढ़वाल की विभिन्न बाल विकास परियोजनाओं में नौवें राष्ट्रीय पोषण माह के तहत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में दुगड्डा बाल विकास परियोजना में पोषण जागरूकता रैली आयोजित कर पोषण माह का शुभारंभ किया गया। रैली में नगर निगम एवं ग्रामीण क्षेत्रों की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सेक्टर सुपरवाइजरों के साथ प्रतिभाग किया। विभिन्न क्षेत्रों में निकाली गई रैली के दौरान चार्ट पोस्टर एवं तख्तियों के माध्यम से पोषण माह की निर्धारित प्रमुख थीमों को लेकर जनजागरूकता संदेश दिए गए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने आहार विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन आंगनबाड़ी केंद्रों पर हॉट कुक्ड मील सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित विभिन्न विषयों पर लोगों को जागरूक किया। रैली के माध्यम से गर्भवती महिलाओं धात्री माताओं बच्चों किशोरियों एवं आमजन को संतुलित और पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही पोषण माह के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों में लाभार्थियों एवं समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश भी दिया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने बताया कि पोषण माह के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता एवं सहभागिता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों का उद्देश्य समुदाय को पोषण के प्रति जागरूक करने के साथ ही स्वस्थ खान-पान एवं बेहतर पोषण व्यवहार को बढ़ावा देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *