Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार ने स्वामी विवेकानंद की जयंती राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले ‘विकसित भारत यंग लीडर्स संवाद 2027’ की रूपरेखा जारी कर दी है। राष्ट्रीय युवा महोत्सव के इस राष्ट्रीय संस्करण का आयोजन 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में किया जाएगा। पहल का उद्देश्य देश के युवाओं को ‘विकसित भारत 2047’ के विजन से सीधे जोड़ना और उनके विचारों को नीति निर्माण का हिस्सा बनाना है। कार्यक्रम में 17 अगस्त 2026 तक 15 से 29 वर्ष की आयु के युवा विभिन्न वर्गों में भाग लेने के पात्र होंगे। सभी पंजीकरण प्रश्नोत्तरी और निबंध प्रतियोगिताएं ‘मेरा युवा भारत’ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आयोजित की जाएंगी। इस बार विकसित भारत यंग लीडर्स संवाद में छह प्रमुख वर्ग शामिल किए गए हैं। इनमें विकसित भारत चैलेंज सांस्कृतिक वर्ग भारत के लिए डिजाइन सामाजिक सरोकारों के लिए हैक युवा उद्यमी चैलेंज और युवा संसद शामिल हैं। इस वर्ष युवा संसद को भी विकसित भारत यंग लीडर्स संवाद के साथ एकीकृत किया गया है। विकसित भारत चैलेंज को पूरे देश के लिए 10 क्षेत्रीय समूहों में विभाजित किया गया है ताकि राज्यों की विशिष्ट प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए समाधान तैयार किए जा सकें। प्रतियोगिता में चयन की प्रक्रिया पारदर्शी और तीन स्तरों जिला राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर होगी। टिहरी गढ़वाल के युवाओं के लिए यह अपनी प्रतिभा विचार और नेतृत्व क्षमता को प्रदर्शित करने का विशेष अवसर है। जिले के युवा जिला स्तर से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए राज्य और फिर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकते हैं। पंजीकरण प्रश्नोत्तरी एवं अन्य प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए युवाओं को ‘मेरा युवा भारत’ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। जिला प्रशासन की ओर से युवाओं से अपील की गई है कि वे केवल दर्शक न बनें बल्कि विकसित भारत के निर्माण में भागीदार बनें और अपनी सोच प्रतिभा एवं नवाचार को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के लिए विकसित भारत यंग लीडर्स संवाद 2027 में अवश्य भाग लें। पंजीकरण और अधिक जानकारी के लिए ‘मेरा युवा भारत’ पोर्टल पर जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *