प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। न्यायालयों से जारी गैर जमानती वारंटों की तामील और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए टिहरी पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार चलाए जा रहे इस अभियान के तहत थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में गैर जमानती वारंटियों की तलाश कर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में थाना मुनिकीरेती पुलिस ने न्यायालय से जारी गैर जमानती वारंट की तामील करते हुए एक वारंटी को चंद्रेश्वर नगर ऋषिकेश से गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने 9 सितंबर 2026 को मुखबिर तंत्र और आवश्यक जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए सचिन राजभर पुत्र जय राम राजभर निवासी चंद्रेश्वर नगर ऋषिकेश देहरादून उम्र 35 वर्ष को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार वारंटी के विरुद्ध एक प्रकरण दर्ज है जिसमें नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म से संबंधित आरोप हैं। उक्त प्रकरण में न्यायालय द्वारा गैर जमानती वारंट जारी किया गया था। पुलिस ने वारंटी को गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। टिहरी पुलिस द्वारा न्यायालय से जारी वारंटों की तामील तथा वांछित और वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी रखने की बात कही गई है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रदीप रावत चौकी प्रभारी कैलाश गेट कांस्टेबल कौशल राठौर और कांस्टेबल संदीप गिरी शामिल रहे।
