प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कोतवाली लक्सर क्षेत्र के ग्राम मुंडाखेड़ा कलां में घर में घुसकर सोने-चांदी के आभूषण और नगदी चोरी करने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए चोरी किए गए लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस अब वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है और इसके लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया है। जानकारी के अनुसार 30 और 31 अगस्त 2026 की आधी रात ग्राम मुंडाखेड़ा कलां निवासी नवीन के घर में अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोर घर में रखे लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और नगदी चोरी कर ले गए थे। घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने संदिग्ध व्यक्तियों और उनकी गतिविधियों से संबंधित जानकारी जुटाई तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। घटनास्थल के आसपास आने-जाने वाले रास्तों पर भी निगरानी रखी गई और स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाई गई। रात-दिन की कड़ी मेहनत और लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने 8 सितंबर 2026 को दो संदिग्धों को पकड़ने में सफलता हासिल की। पूछताछ के साथ पुलिस ने उनके कब्जे से घर से चोरी किया गया लाखों रुपये का सामान भी बरामद किया। पूछताछ में सामने आई वारदात की पूरी कहानी पुलिस पूछताछ में सामने आया कि पकड़े गए आरोपियों का शिकायतकर्ता के घर पहले से आना-जाना था। उन्हें घर में नगदी और सोने-चांदी के आभूषण रखे होने की जानकारी थी। इसके बाद उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार चोरी की योजना सफल होने के बाद आरोपियों ने नगदी खर्च कर दी थी जबकि आभूषणों को बेचकर मिलने वाली रकम को आपस में बांटने की योजना बनाई गई थी। पुलिस ने चोरी के बरामद आभूषण शिकायतकर्ता को मौके पर दिखाए जिनकी शिकायतकर्ता ने अपने आभूषण के रूप में पहचान कर पुष्टि की। पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। वहीं प्रकरण में सामने आए अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस द्वारा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया है। गिरफ्तार आरोपी पुलिस ने आशीष सैनी उर्फ गादड़ पुत्र सुखबीर सैनी निवासी ग्राम मुंडाखेड़ा कलां लक्सर उम्र 26 वर्ष और ललित कुमार उर्फ पाशा पुत्र मुनेश निवासी ग्राम मुंडाखेड़ा कलां लक्सर उम्र 24 वर्ष को गिरफ्तार किया है। बरामद सामान पुलिस ने एक पीली धातु की चैन मय लॉकेट एक जोड़ी पीली धातु के झुमके एक पीली धातु की अंगूठी एक जोड़ी पीली धातु के टॉप्स दो सफेद धातु के बिछुए दो सफेद धातु के सिक्के दो पीली धातु के कड़े एक फूलनुमा पीली धातु की अंगूठी नग लगी एक पीली धातु की अंगूठी एक सिंगल पीली धातु का टॉप्स एक जोड़ी पीली धातु के टॉप्स तथा वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस टीम में एसएचओ प्रवीण सिंह कोश्यारी वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान उपनिरीक्षक शहजाद अली उपनिरीक्षक समीप पाण्डेय हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार हेड कांस्टेबल पंचम प्रकाश कांस्टेबल संजय कुमार और कांस्टेबल संदीप रावत शामिल रहे।
