प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल के निर्देशों के क्रम में औषधि विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने जनपद के तपोवन एवं शिवपुरी क्षेत्र में औषधि विक्रय फर्मों का संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान के दौरान औषधियों के क्रय-विक्रय अभिलेख भंडारण की स्थिति सीसीटीवी व्यवस्था एवं अन्य वैधानिक अभिलेखों की जांच की गई। औषधि निरीक्षक ऋषभ धामा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान कुल चार औषधि नमूने परीक्षण एवं विश्लेषण के लिए लिए गए। इसके साथ ही तीन औषधि विक्रय फर्मों में औषधियों के क्रय-विक्रय पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई गई तथा उनके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ की गई। निरीक्षण के दौरान एक औषधि विक्रय फर्म में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर फर्म को जारी औषधि अनुज्ञप्ति के निलंबन अथवा निरस्तीकरण के लिए संस्तुति की गई। संयुक्त निरीक्षण अभियान के दौरान औषधि विक्रय से संबंधित अभिलेखों और व्यवस्थाओं की भी गहनता से जांच की गई।
