Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। स्वास्थ्य विभाग पौड़ी की ओर से विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस के अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय पौड़ी में जागरूकता एवं शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आत्महत्या की रोकथाम मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा जरूरतमंद व्यक्तियों को समय पर सहयोग एवं सहायता उपलब्ध कराने के लिए समाज को प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आत्महत्या की रोकथाम के प्रति संवेदनशील रहने मानसिक तनाव से जूझ रहे व्यक्तियों की समस्याओं को समझने तथा उन्हें आवश्यक सहयोग और उचित स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने की शपथ ली। इस मौके पर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डॉ.वीरेन्द्र कुमार पुनेडा ने अधिकारियों और कर्मचारियों को शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है। किसी व्यक्ति में निराशा तनाव या भावनात्मक परेशानी के संकेत दिखाई देने पर उसकी बात ध्यानपूर्वक सुनना और समय पर सहायता उपलब्ध कराना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आत्महत्या की रोकथाम के लिए परिवार समुदाय और स्वास्थ्य विभाग को मिलकर कार्य करना होगा। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने समाज में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने आत्महत्या से जुड़े कलंक को कम करने तथा जरूरतमंद लोगों तक सहायता और परामर्श सेवाओं की जानकारी पहुंचाने का संकल्प लिया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.मेघना असवाल ने कहा कि विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस के अवसर पर आत्महत्या की बढ़ती प्रवृत्ति पर रोकथाम लगाने और इस समस्या के प्रति लोगों में जागरूकता लाने के उद्देश्य से जनपद की सभी चिकित्सा इकाइयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की मानसिक समस्या एवं सहायता के लिए टेली मानस टोल फ्री नंबर 14416 पर संपर्क किया जा सकता है जहां विशेषज्ञों द्वारा निशुल्क परामर्श की सुविधा उपलब्ध रहेगी।‌ कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *