Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। घर से बिना बताए गई नाबालिग को कोतवाली चमोली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक काउंसिलिंग के बाद नाबालिग को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। नाबालिग के सकुशल मिलने पर परिजनों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई संवेदनशीलता और तत्परता की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। दिनांक 09 सितंबर 2026 को वादी द्वारा कोतवाली चमोली में तहरीर दी गई कि उनकी बहन 08 सितंबर 2026 की रात्रि को घर से बिना बताए कहीं चली गई है। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की लेकिन कोई पता नहीं चल पाया। प्रकरण नाबालिग से संबंधित होने के कारण कोतवाली चमोली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल अभियोग पंजीकृत किया और विवेचना उपनिरीक्षक संपूर्णानंद जुयाल को सौंपी गई। उच्चाधिकारियों के दिशा-निर्देशों के क्रम में नाबालिग की तलाश के लिए तत्काल विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तलाश के दौरान सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ तकनीकी जांच संभावित स्थानों की पड़ताल और लोगों से पूछताछ शुरू की। पुलिस टीम हर संभावित सुराग को जोड़ते हुए लगातार नाबालिग की तलाश में जुटी रही। पुलिस के अथक प्रयासों और त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप अभियोग पंजीकृत होने के कुछ ही घंटों के भीतर नाबालिग को चमोली क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद आवश्यक काउंसिलिंग कराकर उसे सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। अपनी बहन को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों ने चमोली पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता की सराहना की तथा पुलिस टीम का कोटि-कोटि आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *