प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। नागराजाधार में गुरुवार सुबह एक पिकअप वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क से नीचे गिरने के बाद वाहन में फंसे चालक को थाना छाम पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस ने घायल चालक को प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराने के बाद 108 एंबुलेंस के माध्यम से समय पर अस्पताल पहुंचाया। 10 सितंबर 2026 को प्रातः करीब 5:40 बजे थाना छाम क्षेत्र के नागराजाधार में पिकअप वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही थाना छाम पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर पिकअप वाहन UK07CD8896 सड़क से नीचे दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में मिला। दुर्घटना के दौरान वाहन चालक वाहन के अंदर फंस गया था। पुलिस टीम ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे चालक को सकुशल बाहर निकाला। घायल चालक को प्राथमिक सहायता देने के बाद 108 एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया जिससे उसे समय रहते चिकित्सा सुविधा मिल सकी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन देहरादून से उत्तरकाशी की ओर जा रहा था और उसमें ऑनलाइन डिलीवरी का सामान ले जाया जा रहा था। वाहन चालक की पहचान कमल पुत्र अशोक उम्र 37 वर्ष निवासी ग्राम एवं थाना विलसंडा जनपद पीलीभीत उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। चालक ने पुलिस को बताया कि वह उक्त वाहन को करीब दो माह से चला रहा है। उसके अनुसार वाहन के ब्रेक फेल होने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गिर गया। चालक ने बताया कि वाहन का स्वामी सागर चंद निवासी नयागांव बडोवाला देहरादून है। टिहरी पुलिस ने कहा कि आमजन की सुरक्षा के प्रति पुलिस सदैव प्रतिबद्ध है और आपातकालीन परिस्थितियों में तत्परता से राहत एवं बचाव कार्यवाही सुनिश्चित की जाती है।
