प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। थाना नई टिहरी क्षेत्र के ग्राम कौंड निवासी 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला के अचानक घर से चले जाने के बाद टिहरी पुलिस ने रातभर सर्च ऑपरेशन चलाकर उन्हें सकुशल खोज निकाला। पुलिस ने बुजुर्ग महिला को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। दिनांक 09 सितंबर 2026 को शाम करीब 4:30 बजे ग्राम कौंड थाना नई टिहरी जनपद टिहरी गढ़वाल निवासी 90 वर्षीय सोना देवी पत्नी सत्ये सिंह कठैत अपने घर से अचानक कहीं चली गई थीं। परिजनों द्वारा काफी तलाश करने के बावजूद जब उनका पता नहीं चल पाया तो पुलिस को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाली नई टिहरी पुलिस टीम ने बुजुर्ग महिला की तलाश के लिए तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्रों रास्तों और संभावित स्थानों पर सघनता से तलाश की। बुजुर्ग महिला की उम्र को देखते हुए पुलिस ने रात्रि में भी सर्च अभियान जारी रखा और संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन की। 10 सितंबर 2026 की सुबह सर्चिंग के दौरान पुलिस टीम को ग्राम कौंड के पास गधेरे के किनारे बुजुर्ग महिला मिल गईं। पुलिस टीम ने तत्काल उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। महिला पूरी तरह सुरक्षित पाई गईं। पूछताछ में बुजुर्ग महिला ने बताया कि वह रास्ता भटक गई थीं और रास्ता भटकने के कारण गधेरे की तरफ चली गई थीं। इसके बाद पुलिस टीम ने उन्हें सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। लापता बुजुर्ग महिला के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली। परिजनों ने नई टिहरी पुलिस द्वारा तत्परता से चलाए गए सर्च ऑपरेशन और मानवीय संवेदनशीलता के लिए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। टिहरी पुलिस ने कहा कि प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा तथा विशेष रूप से बुजुर्गों और कमजोर वर्गों की सहायता के लिए पुलिस सदैव तत्पर है।
