प्रदीप कुमार
कर्णप्रयाग-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। सिमली महिला बेस अस्पताल में अल्ट्रासाउंड जांच सुविधा शुरू हो गई है। अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती के बाद अब मरीजों को अल्ट्रासाउंड जांच के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। अस्पताल में वर्ष 2024 में अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित की गई थी लेकिन रेडियोलॉजिस्ट उपलब्ध नहीं होने के कारण इसका संचालन नहीं हो पा रहा था। अगस्त 2026 में क्षेत्र की जनता की मांग के बाद स्वास्थ्य विभाग ने रेडियोलॉजिस्ट की व्यवस्था करने का निर्णय लिया। इसके बाद रेडियोलॉजिस्ट डॉ.गौरव शाह ने सिमली बेस अस्पताल में अल्ट्रासाउंड (यूएसजी) जांच सेवा शुरू कर दी है। डॉ.शाह अब सीएचसी गैरसैंण और बेस अस्पताल सिमली में वैकल्पिक रूप से तीन-तीन दिन सेवाएं देंगे। इससे दोनों स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों को विशेषज्ञ रेडियोलॉजिस्ट की सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। अल्ट्रासाउंड जांच सुविधा शुरू होने से गंभीर बीमारियों से ग्रस्त मरीजों गर्भवती महिलाओं और क्षेत्र के अन्य मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। अब उन्हें जांच के लिए दूर कर्णप्रयाग अथवा श्रीनगर जाने और वहां लंबी कतारों में इंतजार करने की परेशानी से भी निजात मिलेगी।
